दुबई। लंबे समय के बाद लय में लौटे विस्फोटक सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर की 65 रन की पारी से ऑस्ट्रेलिया ने आईसीसी टी20 विश्व कप सुपर 12 चरण के ग्रुप एक के मैच में गुरुवार को यहां श्रीलंका को सात विकेट से शिकस्त दी।
वार्नर ने 42 गेंद की पारी में 10 शानदार चौके लगाने के साथ पहले विकेट के लिए कप्तान आरोन फिंच के साथ 6.5 ओवर में 70 रन की साझेदारी की। फिंच ने 23 गेंद में 37 रन की पारी के दौरान पांच चौके और दो छक्के लगाये।
वार्नर ने इसके साथ ही पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ ( 26 गेंद में नाबाद 28) के साथ तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की। श्रीलंका के 155 रन के लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया ने 18 गेंद शेष रहते तीन विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।
ऑस्ट्रेलिया की यह दो मैचों में दूसरी जीत है। टीम ग्रुप तालिका में इंग्लैंड के बाद दूसरे स्थान पर है। श्रीलंका इतने ही मैचों में एक जीत और एक हार से चौथे स्थान पर है।