पटना। अब्दुल फरहा (51 रन), मनीष कुमार यादव (रिटायर हर्ट 48 रन) की शानदार बैटिंग और मनीष गिरी (4 विकेट), आरिफ रिजवान (3 विकेट) और तारिक जमील (दो विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत सीवान ने बीसीए सीनियर अंतर जिला क्रिकेट टूर्नामेंट में शानदार जीत के साथ आगाज किया।
वेस्टर्न जोन के अंतर्गत रेलवे स्टेडियम, सोनपुर में मंगलवार को खेले गए मैच में सीवान ने पूर्वी चंपारण को 147 रन से पराजित किया।

टॉस पूर्वी चंपारण ने जीता और सीवान को बैटिंग का न्योता दिया। सीवान ने अब्दुल फरहा और मनीष कुमार की शानदार बैटिंग के दम पर 45 ओवर के मैच में चार विकेट पर 215 रन बनाये। अब्दुल फरहा ने 82 गेंद में 4 चौका व 1 छक्का की मदद से 51, मनीष कुमार ने 73 गेंद में 2 चौका व 1 छक्का की मदद से 48, पवन कुमार ने 46 गेंद में 6 चौका की मदद से 32,मनीष गिरी ने 21 गेंद में 1 चौका व 2 छक्का की मदद से 24,इमरान नजीर ने 14 गेंद में 3 चौका की मदद से नाबाद 20, तारिक जमील ने 13 गेंद में 1 चौका व 2 छक्का की मदद से नाबाद 22 रन बनाये। अतिरिक्त से 12 रन बने।

जवाब में पूर्वी चंपारण के बल्लेबाज सीवान के गेंदबाजों की बेहतरीन गेंदबाजी के आगे नहीं टिक पाये और पूरी टीम 30.4 ओवर में 68 रन पर ऑल आउट हो गई। सबसे ज्यादा 22 रन शकीबुल गणि ने 31 गेंद में 2 चौका व 1 छक्का की मदद से बनाये। इसके अलावा आशुतोष ने 12 रन बनाये। शुभम कुमार ने नाबाद 12 रन की पारी खेली। बाकी कोई भी बल्लेबाज दहाई आ आंकड़ा नहीं छू सका। सीवान के गेंदबाजों ने कोई अतिरिक्त रन नहीं दिये।
सीवान की ओर से मनीष गिरी ने 26 रन देकर चार, आरिफ रिजवान ने 14 रन देकर 3, तारिक जमील ने 3 रन खर्च कर 2 और शब्बीर खान ने 6 रन देकर 1 विकेट चटकाये।

संक्षिप्त स्कोर
सीवान : 45 ओवर में चार विकेट पर 215 रन, पवन कुमार 32,अब्दुल फरहा 51,मनीष कुमार 48, मनीष गिरी 24, इमरान नजरी नाबाद 20,तारिक जमील नाबाद 22, पूर्वी चंपारण गेंदबाजी-शकीबुल गणि 2/50,शुभम कुमार 1/33, मुकेश 1/38,
पूर्वी चंपारण : 30.4 ओवर में 68 रन पर ऑल आउट शकीबुल गणि 22,आशुतोष 12,शुभम कुमार नाबाद 12, सीवान गेंदबाजी : मनीष गिरी 4/26, आरिफ रिजवान 3/14, तारिक जमील 2/3,शब्बीर खान 1/6
प्लेयर ऑफ द मैच : मनीष गिरी