पटना। जूडो भवन में मंगलवार को सम्पन्न हुई बिहार राज्य सीनियर जूडो चैम्पियनशिप में पटना के खिलाडिय़ों ने दबदबा बरकरार रखते हुए नीतीश कुमार, रजनीश, विकास कुमार, राकेश कुमार और रूपा रानी ने अपने-अपने भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीते।
बिहार जूडो संघ के तत्वावधान में आयोजित चैम्पिनशिप के पुरुष वर्ग 60 किग्रा भार में नीतीश (पटना) ने स्वर्ण, पटना के ही श्रीओम् कुमार ने रजत तथा बक्सर के त्रिलोकी कुमार ने कांस्य अपने नाम किया। 66 किग्रा भार का स्वर्ण समस्तीपुर के सोनू ने पटना के दीपक को मात देकर जीता। दीपक को रजत एवं राजेश को कांस्य मिला। 73 किग्रा में पटना के रजनीश ने स्वर्ण, व मो. शफी आलम ने रजत एवं समस्तीपुर के कौशल ने कांस्य पदक जीता।
पुरुष सुपर हैवीवेट में भी पटना का दबदबा रहा। 100 किग्रा से कम भार में अपने ही साथी खिलाड़ी को पराजित कर विकास ने स्वर्ण पर कब्जा जमाया। गुड्डू सिंह को रजत व लखीसराय के संजय को कांस्य मिला। 100 से ऊपर किग्रा भार में पटना के राकेश को स्वर्ण व राहुल (सारण) को रजत मिला। 90 किग्रा भार का स्वर्ण बक्सर के गौरव ने, रजत पदक पटना के संजय और लखीसराय के विकास ने कांस्य जीता।
महिला वर्ग में ज्यादा वजन के कैटेगरी में सहभागिता कम रही। पटना की रूपा रानी (63 किग्रा), पटना की ही सोनाक्षी (70 किग्रा) को स्वर्ण मिला। 78 किग्रा में भागलपुर की नजराना नाज ने स्वर्ण और पटना की प्रियंका ने रजत हासिल की।
सभी वर्ग के स्वर्ण पदक विजेताओं को मुख्य अतिथि विधान पार्षद प्रो. डा. रणवीर नंदन ने पुरस्कृत किया। रजत व कांस्य विजेताओं को जदयू के युवा नेता सतीश कुमार चंदन, डा. शक्ति कुमार भोला, सुशील उपाध्याय व राम प्रवेश सिंह ने पदक प्रदान किया।
घोषणा
रणवीर नंदन ने इस मौके पर राज्य जूडो संघ को टॉप क्वालिटी का 12.50 लाख का मैट अपने फंड से देने की घोषणा की। इसके अलावे उन्होंने जूडो संघ और खिलाडिय़ों को हरसंभव मदद करने के लिए तत्पर रहने का वादा किया।
सभी का स्वागत बिहार जूडो संघ के अध्यक्ष प्रो. सूर्यदेव त्यागी एवं धन्यवाद सचिव राम उदय सिंह ने किया। संचालन पटना जिला संघ के अध्यक्ष संजय शर्मा ने किया। इस मौके पर डा. राजगीर प्रसाद, बिन्देश्वरी प्रसाद सिंह, उदय पहलवान, राम प्रवेश सिंह, उमरावती देवी एवं गोपालगंज के सचिव सोनू साह मौजूद थे।