रांची, 23 अक्टूबर। कोरिया महिला हॉकी टीम झारखंड महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2023 में हिस्सा लेने के लिये सोमवार सुबह यहां बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर पहुंची जहां उसका स्वागम गर्मजोशी से किया गया।
महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 27 अक्टूबर से पांच नवंबर के बीच रांची के मारंग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में खेली जायेगी। इस टूर्नामेंट में मेजबान भारत के अलावा थाईलैंड, कोरिया, चीन, मलेशिया और जापान की टीमे हिस्सा लेंगी।

हाल ही में 19वें एशियाई खेलों हांगझू 2022 में रजत पदक विजेता कोरिया यहां अपने अभियान की शुरुआत 27 अक्टूबर को चीन के खिलाफ मैच से करेगी। दोनों टीमें आखिरी बार 19वें एशियाई खेल हांग्जो 2022 के फाइनल में भिड़ी थीं, जहां चीन 2-0 से विजयी हुआ था।
कोरिया के नाम 2010, 2011 और 2018 में तीन चैंपियनशिपों में जीत दर्ज है जबकि 2021 में उसे उपविजेता बनने का गौरव हासिल हुआ था।
कोरिया के कोच किनवूक कांग ने कहा “ हमारी टीम ने इस टूर्नामेंट की तैयारी के लिए अथक परिश्रम किया है, और हम मैदान पर अपना सब कुछ देने के लिए तैयार हैं। हम इस प्रतियोगिता में अपने समृद्ध इतिहास से अवगत हैं, और हम उत्कृष्टता की अपनी विरासत को बनाए रखने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। हम पर कोई दबाव नहीं है और हम अपने खेल का आनंद लेने और अपना सर्वश्रेष्ठ देने पर ध्यान केंद्रित करेंगे।”