रांची, 1 नवंबर। स्थानीय मोराबादी स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में खेलो झारखंड राज्य स्तरीय स्कूली एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2025-26 का आज भव्य समापन हुआ।
यह प्रतियोगिता स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा आयोजित की गई थी।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव मधुकांत पाठक उपस्थित थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष शिवेंदु दुबे तथा झारखंड एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष चंद्रदेव सिंह शामिल हुए।
अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग द्वारा किया गया।
प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी ने स्वागत भाषण देते हुए सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और आगामी राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी इस बार हार गए हैं, वे अगली बार और मेहनत कर जीत दर्ज करें।
मुख्य अतिथि मधुकांत पाठक ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि “खिलाड़ी वही हारता है जो निरंतर अभ्यास नहीं करता। यदि जीतना है तो अभ्यास को आदत बना लें। आठ घंटे का नियमित अभ्यास किसी भी खिलाड़ी को विजेता बना सकता है।
धन्यवाद ज्ञापन राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने किया। उन्होंने आयोजन समिति, कोच, मैनेजर तथा 24 जिलों के सभी समन्वयकों को प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया।
तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में हजारीबाग जिला ने 108 अंकों के साथ बालक-बालिका के तीनों वर्गों में ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीता।
वर्गवार परिणाम
अंडर-14 बालिका वर्ग: चैंपियन – लातेहार, रनर अप – हजारीबाग, द्वितीय रनर अप – रांची
अंडर-14 बालक वर्ग: चैंपियन – साहिबगंज, रनर अप – पलामू, द्वितीय रनर अप – गुमला
अंडर-17 बालक वर्ग: चैंपियन – लातेहार, रनर अप – साहिबगंज, द्वितीय रनर अप – गुमला
अंडर-17 बालिका वर्ग: चैंपियन – हजारीबाग, रनर अप – रांची, द्वितीय रनर अप – लातेहार
अंडर-19 बालक वर्ग: चैंपियन – रांची, रनर अप – बोकारो, द्वितीय रनर अप – लातेहार
अंडर-19 बालिका वर्ग: चैंपियन – हजारीबाग, रनर अप – पलामू, द्वितीय रनर अप – सरायकेला
बेस्ट एथलीट पुरस्कार
अंडर-14 बालक: आयुष कुमार (साहिबगंज)
अंडर-14 बालिका: अनुष्का तिर्की (रांची)
अंडर-17 बालक: इमैन्युअल किस्कू (साहिबगंज)
अंडर-17 बालिका: दशमी कांडुलना (जेएसएसपीएस, रांची)
अंडर-19 बालक: मोहम्मद साजिद (बोकारो)
अंडर-19 बालिका: पूनम कुमारी (जेएसएसपीएस, रांची)
समारोह में अतिथियों द्वारा विजेता खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाणपत्र तथा चैंपियन जिलों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया ।
मंच संचालन चंद्रदेव सिंह एवं परवीन बाजरे द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
सभी विजेता खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग तथा राज्य खेल कोषांग के सदस्यो ने शुभकामना देते हुए उज्जवल भविष्य का कामना किया है।