बेगूसराय, 5 मई। बिहार में पहली बार आयोजित हो रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के फुटबॉल के मुकाबले बेगूसराय में शुरू हो चुके हैं। पहले दिन के पहले सत्र में खेले गए मुकाबले में बिहार टीम के बालिका वर्ग में हार का सामना करना पड़ा जबकि झारखंड ने शानदार जीत दर्ज की।
आईओसीएल ग्राउंड पर खेले गए मैच में तमिलनाडु ने बिहार को 2-1 से हराया जबकि यमुना भगत स्टेडियम में हुए मुकाबले में झारखंड ने राजस्थान को 8-0 से मात दी।
तमिलनाडु ने बिहार को दी मात
आईओसीएल ग्राउंड पर खेले गए मैच में तमिलनाडु ने बिहार को 2-1 से हराया। मैच के शुरू होते ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों की ओर से आक्रमण शुरू हो गए। खेल के 21वें मिनट में तमिलनाडु की आर प्रेमा ने गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। यह बढ़त चार मिनट बाद ही खत्म हो गई। बिहार की निक्की कुमारी ने 25वें मिनट में गोल दाग कर मैच को बराबरी पर ला दिया। पहले हाफ में स्कोर 1-1 की बराबरी पर रहा।
Also Read : Vaibhav Suryavanshi का उदाहरण देकर पीएम मोदी ने खिलाड़ियों को दिया बड़ा संदेश
नींबू पानी के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी नई रणनीति के साथ मैदान पर उतरे। खिलाड़ी बढ़त लेने के लिए आक्रमण करते रहे। खेल के 65वें मिनट में तमिलनाडु के आर प्रेमा को सफलता मिली और मैच में तमिलनाडु ने 2-1 की बढ़त ले ली जो अंत तक कायम रहा।
झारखंड ने राजस्थान पर गोलों की बारिश
यमुना भगत स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में झारखंड ने राजस्थान को 8-0 से हराया। आधा गोल पहले हाफ और आधा दूसरे हाफ में। खेल के 20 मिनट झारखंड और राजस्थान के बीच गोल करने की कश्मकश चलती रही पर खेल के 22वें मिनट में झारखंड की रीना कुमारी ने गोल दागने की जो शुरुआत की वह 90वें मिनट में रीना टोप्पो के गोल पर जा कर रुका।
झारखंड की ओर से रीना कुमारी ने खेल के 22वें, 33वें, 42वें और 56वें मिनट में गोल दागा। बबीता कुमारी ने खेल के 36वें, 60वें और 71वें मिनट में गोल दागा। खेल का अंत रीना टोप्पो ने मुख्य रेफरी की आखिरी सिटी बजने के पहले 90वें मिनट में गोल दाग कर किया।
झारखंड की अल्फा कंडुलना को 11वें पीला कार्ड दिखाया गया।
इससे पहले आईओसीएल बरौनी रिफाइनरी स्टेडियम में महिला के ग्रुप ए में बिहार बनाम तमिलनाडु मुकाबले की शुरुआत बिहार सरकार के खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, विधायक कुंदन सिंह, जिला पदाधिकारी तुषार सिंगला, पुलिस अधीक्षक मनीष, महापौर नगर निगम एवं अन्य ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
मणिपुर ने आंध्रप्रदेश को हराया
शाम के सत्र में खेले गए मैच में मणिपुर ने आंध्रप्रदेश को 3-0 से हराया। मणिपुर की ओर से नामरम लामंगनवी चानू ने खेल के पहले हाफ के 45+3 वें मिनट में गोल दाग कर अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया। दूसरो हाफ में खेल के 63वें मिनट में सेंजम अल्वा देवी और के अंजू चानू ने 87वें मिनट में गोल दागे।
हरियाणा ने दिल्ली को हराया
शाम के सत्र के अन्य मुकाबले में हरियाणा ने दिल्ली को 6-1 से हराया। हरियाणा की ओर से विपांशी ने खेल के 24वें, 39वें और 67वें मिनट में गो दागे। इसके अलावा कप्तान पूजा ने 16वें और 74वें जबकि संध्या ने 45+1वें मिनट में गोल किया। दिल्ली की ओर से गितिका नेगी ने 29वें मिनट में गोल किया। हरियाणा के विपांशी को 45+1 मिनट में पीला कार्ड दिखाया गया।