रांची, 16 अक्टूबर। झारखंड ने वीमेंस अंडर-19 वनडे ट्रॉफी WOMENS UNDER 19 ONE DAY TROPHY के प्री क्वार्टरफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। प्री क्वार्टरफाइनल में झारखंड का मुकाबला तमिलनाडु से 20 अक्टूबर को होगा।
ग्रुप एफ में खेल रही झारखंड ने अपने पूल में पांच मैचों में चार में जीत हासिल की। केवल हिमाचल प्रदेश से झारखंड की टीम को हार खानी पड़ी।
सोमवार को खेले गए मैच में झारखंड ने राजस्थान को 78 रन से पराजित किया।
सहवाग इंटरनेशनल स्कूल के ग्राउंड पर खेले गए मैच में राजस्थान ने टॉस जीता और झारखंड को पहले बैटिंग का न्योता दिया।

झारखंड ने पहले बैटिंग करते हुए प्रियंका लुथरा के 87 रन की बदौलत 45.2 ओवर में सभी विकेट खोकर 173 रन बनाये। प्रियंका के अलावा अली ने 6,कोमल कुमारी ने 7, आरुषि ने 20,दूबे ने 8, प्रगति ने 17,नेहा कुमार साव ने नाबाद 5 रन बनाये।
राजस्थान की ओर से एसपी शर्मा ने 15 रन देकर 6 विकेट चटकाये। अंजलि, गंगा और चहक ने 1-1 विकेट चटकाये।
जवाब में राजस्थान की टीम 33.1 ओवर में 95 रन पर ऑल आउट हो गई। राजस्थान की ओर से सीओ भाटी ने 14, एके गर्ग ने 14, तिलक शर्मा ने 25, अंजलि जाट ने 12 रन बनाये।
झारखंड की ओर से नेहा कुमार साव ने 16 रन देकर 5,पी राठौर ने 21 रन देकर 3, प्रियंका लुथरा ने 16 रन देकर 1 विकेट चटकाये।