रांची। झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के तत्वावधान में स्थानीय जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में चल रहे बायजू झारखंड टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को खेले गए मैच में जमशेदपुर जगलर्स और बोकारो ब्लास्टर्स ने जीत हासिल की। दोनों ही मैच में डीएल नियम से रिजल्ट निकला। जमशेदपुर जगलर्स ने सिंहभूम स्टाइकर्स को चार और बोकारो ब्लास्टर्स ने धनबाद डायनामोज को तीन विकेट से पराजित किया।
जमशेदपुर जगलर्स बनाम सिंहभूम स्टाकर्स
जमशेदपुर जगलर्स ने टॉस जीता और पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। पहले बैटिंग करते हुए सिंहभूम स्ट्राइकर्स ने कुमार करण के 74 रनों की पारी की बदौलत 20 ओवर में 142 रन बनाये। कुमार करण के अलावा विल्फ्रेड बेंग ने 14, अंकित कुमार ने 19 रन ब नाये। जमशेदपुर जगलर्स की ओर से जसकरण सिंह ने 30 रन देकर दो, आशीष कुमार ने 22 रन देकर दो और कप्तान राहुल प्रसाद ने 31 रन देकर 1 विकेट चटकाये।
जवाब में जमशेदपुर जगलर्स ने 18 ओवर में छह विकेट पर 129 रन बना कर डीएल नियम से इस मैच को चार विकेट से जीत लिया। जमशेदपुर की ओर से विशाल सिंह ने 55 गेंदों में छह चौकों व 3 छक्कों की मदद से 63 और श्रेष्ठ सागर ने 31 गेंद में 36 रन बनाये। सिंहभूम स्टाइकर्स की ओर से बाल कृष्णा ने 28 रन देकर चार, अजय यादव ने 17 रन देकर 1 विकेट चटकाये।
बोकारो ब्लास्टर्स बनाम धनबाद डायनामोज
बोकारो ब्लास्टर्स ने टॉस जीता और पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। धनबाद डायनामोज ने पहले खेलते हुए 13 ओवर में तीन विकेट पर 105 रन बनाये। सत्या सेतू ने 34 गेंदों में 56 रन बनाये। इसके अलावा नाजिम सिद्दिकी ने 10, आर्यन हु्ड्डा ने 12 और अनिर्वाण चटर्जी ने 14 रन बनाये। बोकारो ब्लास्टर्स की ओर से विकास सिंह ने 44 रन देकर 1,प्रतीक कुमार ने 24 रन देकर 1 और पंकज यादव ने 11 रन देकर 1 विकेट चटकाये।
जवाब में बोकारो ब्लास्टर्स ने 13 ओवर में सात विकेट पर 122 रन बना कर डीएल नियम से यह मैच तीन विकेट से जीत लिया। पंकज मुंडा ने 12, विकास विशाल ने 12, पप्पू सिंह ने 31, कुमार कुशाग्रा ने 20, विकास सिंह ने नाबाद 32 रन बनाये। विकास कुमार ने 33 रन देकर 1, युवराज कुमार ने 23 रन देकर 1,मो आसिफ मंसूरी ने 22 रन देकर 1 और साहिल राज ने 13 रन देकर 3 विकेट चटकाये।