गढ़वा, 20 सितंबर। जमशेदपुर ने झारखंड अंतर जिला फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में जमशेदपुर ने गोड्डा को 5-0 से हराया। जमशेदपुर की ओर से घनश्याम मुर्मू ने पहला गोल किया। विकास नायक ने दूसरा गोल, हज्जु सोरेन ने तीसरा गोल, साधु मरांडी ने चौथा गोल, विकास नायक ने फिर पांचवा गोल किया। इस तरह 5-0 से जमशेदपुर की टीम विजय रही। मैन ऑफ द मैच जमशेदपुर टीम के विकास नायक को दिया गया. विकास नायक ने दो गोल कर टीम जीता दिया।
यह प्रतियोगिता गढ़वा जिला फुटबाल संघ के द्वारा पिछले 10 सितंबर से आयोजित की जा रही है। बुधवार को रंका के प्लस टू उच्च विद्यालय के मैदान आयोजित फाइनल व समापन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इसकी शुरुआत इंडियन आइडियल के सुरंजन एंव गायत्री मंडल के द्वारा देश भक्ति गीत तू मेरा कर्मा तू मेरा धर्मा से किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में झारखंड के सरायकेला खरसावां के शिव शंभू छयु नृत्य ग्रुप के द्वारा नृत्य का प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही जबलपुर से पहुंची इंडियन ताशा बैंड के द्वारा मैदान में बैंड बजाकर खिलाड़ियों और अतिथियों का स्वागत किया गया।
इंडियन आइडल के गायक सुरंजन एवं गायत्री मंडल की युगल जोड़ी के द्वारा लगातार देश भक्ति गीत प्रस्तुत कर लोगों का मनोरंजन किया गया। एक-एक बाद युगल जोड़ी के द्वारा कई गीत प्रस्तुत किए गए। दर्शकों के मनोरंजन के लिए यहां चीयर्स लीडर्स की भी व्यवस्था की गई थी। मैदान दर्शकों की भीड़ से खचाखच भरी हुई थी। खेल को देखने के लिए दर्शक मैदान के अलावा आसपास के विभिन्न छतों पर चढ़कर आनंद ले रहे थे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के उपरांत गोड्डा एवं जमशेदपुर के बीच मैच की शुरुआत की गई। इसका उद्घाटन मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री सह झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष मिथलेश कुमार ठाकुर एवं झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन के प्रदेश सचिव गुलाम रब्बानी ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर किया।
इस मौके पर विभिन्न तरह की आतिशबाजी भी की गई। बीच-बीच में दर्शकों के मनोरंजन के लिए चीयरलीडर्स के द्वारा अपना नृत्य का प्रदर्शन किया गया। इससे पहले उपायुक्त शेखर जमुआर, पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार पांडे, आयोजन समिति के अध्यक्ष का गढ़वा अनुमंडल पदाधिकारी राज महेश्वरम, रंका के अनुमंडल पदाधिकारी राम नारायण सिंह, पूर्व सांसद कामेश्वर बैठा, जिला बीसूत्री उपाध्यक्ष नितेश सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी, उपाध्यक्ष सत्यनारायण यादव सहित सभी अतिथियों का स्वागत आयोजन समिति के अध्यक्ष राज महेश्वरम एवं सचिव आलोक मिश्रा के द्वारा गुलदस्ते और शॉल समर्पित कर किया गया।
कार्यक्रम का संचालन ओलंपिक संघ के अध्यक्ष शैलेंद्र पाठक ने किया जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन उद्घोषक जेनिफर के द्वारा किया गया।