Friday, February 20, 2026
Home IPL-11 IPL 2020 : पिछली हार भुला नई ऊर्जा के साथ मैदान पर उतरेंगे मुंबई और पंजाब

IPL 2020 : पिछली हार भुला नई ऊर्जा के साथ मैदान पर उतरेंगे मुंबई और पंजाब

by Khel Dhaba
0 comment

आबूधाबी। पिछले मैचों में बेहतर प्रदर्शन करने के बावजूद हार का सामना करने वाली मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब की टीमें गुरुवार को यहां होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में छोटी-छोटी गलतियों से बचकर लय हासिल करने की कोशिश करेंगी।

किंग्स इलेवन ने राजस्थान रॉयल्स को रविवार को खेले गये मैच में 224 रन का लक्ष्य दिया लेकिन वह इसका बचाव नहीं कर पाया जो टीम के लिये गहरा झटका है।

दूसरी तरफ मुंबई ने कीरोन पोलार्ड और ईशान किशन की लाजवाब पारियों की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ 202 रन के लक्ष्य तक पहुंचने का प्रयास किया लेकिन आखिर में सुपर ओवर में उसे दो अंक गंवाने पड़े।

मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस ने अपना पहला मैच गंवाया था लेकिन कोलकाता नाइटराइडर्स को हराकर उसने शानदार वापसी की थी। आरसीबी के खिलाफ हालांकि छोटी-छोटी गलतियां उसे भारी पड़ गयी थी।

लगभग यही स्थिति किंग्स इलेवन की भी है जिसने दिल्ली कैपिटल्स से पहला मैच गंवाने के बाद आरसीबी के खिलाफ अपना खाता खोला लेकिन रॉयल्स के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी के बावजूद उसे हार का सामना करना पड़ा।

किंग्स इलेवन ने भी कुछ गलतियां की जिन्हें वह दोहराने से बचना चाहेगा। उसने जब विरोधी टीम पर नकेल कसनी थी तब वह ऐसा करने में नाकाम रहा। अपने दो मैचों में वह बेहतर स्थिति में था लेकिन इसका फायदा नहीं उठा पाया।

रॉयल्स के खिलाफ पंजाब के गेंदबाज अपनी लय में नहीं दिखे। शेल्डन कॉटरेल के एक ओवर में राहुल तेवतिया के पांच छक्के इसका सबूत है। यहां तक कि बेहतरीन फार्म में चल रहे मोहम्मद शमी ने भी चार ओवर में 53 रन लुटाये और तीन विकेट लिये। लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को छोड़कर कोई भी गेंदबाज पिछले मैच में प्रभाव नहीं छोड़ पाया।

कप्तान केएल राहुल ने हालांकि बेहद सकारात्मक रवैया अपनाये रखा और अपने गेंदबाजों का उत्साह बढ़ाया। वह अपने गेंदबाजों से अब बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे होंगे।

किंग्स इलेवन ने अब तक विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल को मौका नहीं दिया है लेकिन राहुल और मयंक अग्रवाल के शानदार प्रदर्शन से उनकी बल्लेबाजी मजबूत नजर आती है। मुंबई को अगर मैच जीतना है तो इन दोनों को सस्ते में आउट करना होगा।

राहुल और अग्रवाल दोनों ने अब तक एक-एक शतक और एक-एक अर्धशतक जमाये हैं। रॉयल्स के खिलाफ तो उन्होंने पहले विकेट के लिये 183 रन की साझेदारी की।

मुंबई का बल्लेबाजी और गेंदबाजी विभाग काफी संतुलित नजर आता है। उसके पास शीर्ष क्रम में कप्तान रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और इशान किशन जैसे बल्लेबाज हैं जिसके बाद पोलार्ड और हार्दिक पंड्या जैसे आक्रामक बल्लेबाज जिम्मेदारी संभालते हैं।

मुंबई के लिये अपने स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की फार्म चिंता का विषय बनी हुई है। अभी तक खेले गये मैचों में उनके प्रदर्शन में निरंतरता का अभाव दिखा। बुमराह ने तीन मैचों में तीन विकेट लिये हैं और वह प्रभाव छोड़ने में असफल रहे हैं।

मुंबई की टीम इस मैदान पर पहले मैच खेल चुकी है और वह इसका फायदा उठाने की कोशिश करेगी। उसने अपने पहले दो मैच इसी मैदान पर खेले थे।

टीमें इस प्रकार हैं :
किंग्स इलेवन पंजाब: केएल राहुल (कप्तान), मयंक अग्रवाल, शेल्डन कॉटरेल, क्रिस गेल, ग्लेन मैक्सवेल, मोहम्मद शमी, मुजीब उर रहमान, करुण नायर, जेम्स नीशाम, निकोलस पूरण, इशान पोरेल, अर्शदीप सिंह, मुरुगन अश्विन, कृष्णप्पा गौतम, हरप्रीत बराड़, दीपक हुड्डा, क्रिस जोर्डन, सरफराज खान, मनदीप सिंह, दर्शन नलकांडे, रवि बिश्नोई, सिमरन सिंह, जगदीश सुचित, ताजिंदर सिंह, हार्डस विलोजेन।

मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), आदित्य तारे, अनमोलप्रीत सिंह, अनुकुल रॉय, क्रिस लिन, धवल कुलकर्णी, दिग्विजय देशमुख, हार्दिक पंड्या, इशान किशन, जेम्स पैटिनसन, जसप्रीत बुमराह, जयंत यादव, कीरोन पोलार्ड, क्रुणाल पंड्या, मिशेल मैकलानेगेन, मोहसिन खान, नाथन कूल्टर-नाइल, प्रिंस बलवंत राय, क्विंटन डिकॉक, राहुल चाहर, सौरभ तिवारी, शेरफेन रदरफोर्ड, सूर्यकुमार यादव, ट्रेंट बोल्ट।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Subscribe my Newsletter for new blog posts, tips & new photos. Let's stay updated!

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights