ढाका। भारतीय क्रिकेट टीम तीन वनडे और दो टेस्ट मैचों के लिए दिसंबर में बंगलादेश का दौरा करेगी। इस बात की घोषणा करते हुए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने गुरुवार को बताया कि ढाका एक टेस्ट मैच की मेजबानी करेगा जबकि एक टेस्ट चटगांव में होगा।
सीरीज की शुरुआत वनडे से
दौरे की शुरुआत वनडे शृंखला से होगी, जिसके तीन मैच क्रमशः चार, सात और 10 दिसंबर को खेले जायेंगे। इसके बाद पहला टेस्ट चटगांव के जहूर अहमद चौधरी स्टेडियम में 14 दिसंबर से खेला जायेगा। 22 दिसंबर से होने वाला दूसरा टेस्ट के लिये टीमें वापस ढाका लौटेंगी। यह दोनों टेस्ट आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का हिस्सा हैं।
क्या है भारत की विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में स्थिति
भारत फिलहाल 52.08 प्रतिशत अंकों के साथ डब्ल्यूटीसी तालिका में चौथे स्थान पर है, जबकि बांग्लादेश 13.33 प्रतिशत अंकों के साथ नौ टीमों की तालिका में सबसे नीचे है। भारत के लिये डब्ल्यूटीसी फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को जिन्दा रखने के लिये यह शृंखला जीतना बेहद महत्वपूर्ण है।
फरवरी में भारत आयेगी ऑस्ट्रेलियाई टीम
बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट खेलने के बाद भारतीय टीम फरवरी-मार्च 2023 में चार टेस्ट मैचों के लिये ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी करेगी। पिछली बार भारत 2015 में बांग्लादेश के बहु-प्रारूप दौरे पर गया था। उस समय एकमात्र टेस्ट ड्रॉ हुआ था जबकि एकदिवसीय सीरीज बांग्लादेश ने 2-1 से जीती थी।