हांगझोउ, 10 सितंबर। महिला एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के सुपर 4 स्टेज के अपने पहले मैच में भारत ने कोरिया को 4-2 से मात दी और अपनी अजेय रफ्तार जारी रखी।
भारत ने पूल स्टेज को शीर्ष पर सात अंकों के साथ समाप्त किया था। इस मैच में भारत की ओर से वैष्णवी विठ्ठल फालके, संगीता कुमारी, लालरेमसियामी और रुतुजा दादासो पिसाल ने गोल किए। कोरिया की दोनों गोल युजिन किम ने किए।
भारत ने शुरुआती पेनाल्टी कॉर्नर का फायदा उठाते हुए वैष्णवी के गोल से बढ़त बनाई। कोरिया ने कई पेनाल्टी कॉर्नर लिए, लेकिन भारत की गोलकीपर बिचु देवी खारिबम ने शानदार बचाव किया।
22वें मिनट में मुमताज़ का प्रयास कोरिया की गोलकीपर ने रोका। इसके तीन मिनट बाद संगीता ने फील्ड गोल कर भारत की बढ़त दोगुनी कर दी। कोरिया ने युजिन किम के पेनल्टी कॉर्नर गोल से बढ़त को घटाया।
40वें मिनट में लालरेमसियामी का फील्ड गोल भारत की बढ़त 3-1 कर गया। 53वें मिनट में कोरिया ने किम के पेनल्टी कॉर्नर से एक और गोल किया। लेकिन 59वें मिनट में रुतुजा ने रिबाउंड से गोल कर भारत की जीत सुनिश्चित की। भारत का अगला मैच गुरुवार को चीन के खिलाफ होगा जिसने जापान को 2-0 से हराया।


 
			        