धनबाद। धनबाद क्रिकेट संघ के महासचिव बिनय कुमार सिंह ने पूर्व सांसद व विधायक राजकिशोर महतो की पुत्रवधू विनीता सिंह के उस प्रस्ताव का स्वागत किया है जिसमें उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के लिए जमीन दान करने की बात कही है।
महासचिव ने कहा कि विनीता सिंह के इस प्रस्ताव से धनबाद के खेल प्रेमियों में हर्ष है। धनबाद क्रिकेट संघ इसका हृदय से स्वागत करता है और उनका आभार जताता है। धनबाद में खेलों की मूलभूत संरचना का अभाव है। प्रतिभा रहने के बावजूद खिलाडि़यों को मौका नहीं मिलता। खेल जगत के लिए यह बहुत बड़ी बात है।
बिनय कुमार सिंह ने बताया कि विगत दस वर्षों से धनबाद क्रिकेट संघ एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाने की कोशिशों में जुटा है। कई बार जिला प्रशासन और राज्य सरकार से इसे लेकर जमीन उपलब्ध कराने का आग्रह किया जा चुका है। लेकिन जमीन नहीं मिलने के कारण यह संभव नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर संघ को जमीन मिले तो वह यहां अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाने को सक्षम है।