देवघर, 27 दिसंबर। देवघर जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित ए-डिवीज़न क्रिकेट लीग में शनिवार यानी 27 दिसंबर को स्थानीय के के एन स्टेडियम में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। डीसीए ब्लैक ने माँ मनसा बी को 118 रनों से हराया, जबकि जेसीसी ने कैंट क्रिकेट क्लब को 7 विकेट से पराजित कर जीत का परचम लहराया। खिलाड़ियों की शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया और लीग की प्रतिस्पर्धा को और बढ़ा दिया।
पहला मैच : डीसीए ब्लैक बनाम माँ मनसा बी
पहले बल्लेबाजी करने उतरी डीसीए ब्लैक ने पांच विकेट खोकर 208 रनों का मजबूत स्कोर बनाया। टीम की ओर से विक्रम कुमार ने सर्वाधिक 90 रन बनाए, वहीं कप्तान शुभ अर्पित ने 62 रन की बेहतरीन पारी खेली। सक्षम शर्मा ने 16 रन का योगदान दिया। माँ मनसा बी की गेंदबाजी में मनोज, गंभीर और गौरव ने 1-1 विकेट हासिल किए।
जवाब में बल्लेबाजी के लिए उतरी माँ मनसा बी की टीम सिर्फ 91 रन पर सिमट गई। कप्तान आयुष मिश्रा ने 23 और अभिनव निषाद ने 16 रन बनाए। डीसीए ब्लैक की ओर से अंशुमन ने 10 रन देकर 3 विकेट झटके। इसके अलावा अनुज शर्मा और हिमांशु राज ने 2-2 विकेट लिए, जबकि संगम गुप्ता और अनमोल मिश्रा ने 1-1 विकेट अपने नाम किए।
दूसरा मैच : कैंट क्रिकेट क्लब बनाम जेसीसी
पहले बल्लेबाजी करते हुए कैंट क्रिकेट क्लब ने 8 विकेट खोकर 139 रन बनाए। टीम की ओर से सुजीत मंडल ने 35 रन, शौर्य बाबा ने 32 रन और कौशल ने 14 रन बनाए। जयराज और युवराज ने 10-10 रन की पारी खेली। जेसीसी की गेंदबाजी में जयदीप ने 3 विकेट लिए, जबकि सागर, सुमंत और बादल को 1-1 विकेट मिले।
जवाब में बल्लेबाजी के लिए उतरी जेसीसी ने 16.3 ओवर में 3 विकेट खोकर 140 रन बनाकर मैच जीत लिया। रवि कुमार ने 46 रन की पारी खेली, गौरव पप्पू ने 29 रन और शौर्य सुमन ने 16 रन बनाए। यासिर हसन ने 14 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। कैंट के गेंदबाज रंजीत और वैभव ने 1-1 विकेट हासिल किया।
सभी मैचों में अंपायरिंग की जिम्मेदारी सोनू गुप्ता मधुगिरी और खुशहाल शेख ने निभाई, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी अभिषेक भोक्ता के पास थी।