नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कोरोना वायरस महासंकट के मद्दनेजर खेल जगत से जुड़े लोगों से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बातचीत की। इस दौरान बीसीसीआई अध्यक्ष सौरभ गांगुली, भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली, पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर समेत कई शामिल हुए। वीडियो कॉल में कुल 49 खेल हस्तियों ने भाग लिया। खेल मंत्री किरण रिजिजू भी इस कॉन्फ्रेंस से जुड़े।
शुक्रवार सुबह जब गांगुली से पूछा गया, तो उन्होंने कहा, ‘हां, मैं वीडियो कॉल के माध्यम से माननीय प्रधानंत्री से जुड़ूंगा, लेकिन मैं आपको बता नहीं सकता कि क्या चर्चा की जाएगी।’ मंत्रालय के सूत्र ने कहा कि खिलाड़ियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने सोशल मीडिया पेजों के माध्यम से सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर जागरूकता फैलाएं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी #COVID19 पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न खेलों के 40 शीर्ष खिलाड़ियों के साथ बैठक करते हुए । pic.twitter.com/fKBAPuPTD8
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 3, 2020
सूत्र ने कहा, ‘प्रधानमंत्री ने न केवल क्रिकेटरों से बात की, बल्कि उन्होंने दूसरे क्षेत्र की खेल हस्तियों से भी बात की। मूल रूप से इस बात को सुनिश्चित करना था कि ये खिलाड़ी लोगों को घरों के अंदर ही रहने और उन्हें सुरक्षित रहने का संदेश दे सके।
पीएम जानते हैं कि कोरोना के खिलाफ जागरूकता लाने में खिलाड़ी बहुत बड़ा योगदान दे सकते हैं। यह एक ऐसी लड़ाई है, जिससे एकजुट होकर लड़ा जा सकता है और लोगों को तक पहुंचने के लिए खिलाड़ियों से अच्छा तरीका और कोई नहीं हो सकता।’




खिलाड़ियों के साथ बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने कोविड-19 से निपटने के लिए संकल्प, संयम, सकारात्मकता, सम्मान और सहयोग के पांच मंत्र दिए। पीएम ने कहा कि खिलाड़ियों ने देश को गौरव दिलाया है और अब राष्ट्र का मनोबल बढ़ाने और सकारात्मकता फैलाने में उन्हें महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है।
सचिन तेंदुलकर, सौरभ गांगुली और विराट कोहली के अलावा भाग लेने वाले अन्य शख्सियतों में विश्व कप विजेता पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी, रोहित शर्मा, केएल राहुल, जहीर खान, युवराज सिंह भी शामिल हैं।
वीडियो कॉल से जुड़ने वालों में ओलंपिक रजत पदक विजेता शटलर पीवी सिंधु, भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा, शतरंज के जादूगर विश्वनाथन आनंद, स्प्रिंटर हिमा दास, मुक्केबाजी के सितारे एमसी मेरीकॉम और अमित पंघल, पहलवान विनेश फोगाट, शूटिंग सनसनी मनु भाकर सहित अन्य एथलीट शामिल हैं।