पटना, 15 दिसंबर। पटना के मोइनुल हक स्टेडियम में कूच बिहार ट्रॉफी अंडर-19 क्रिकेट के अंतर्गत बिहार बनाम तमिलनाडु मुकाबले के पहले दिन गेंदबाजों का जलवा रहा। पहले दिन कुल 17 विकेट गिरे। बिहार की टीम पहली पारी में 74 रन पर ऑल आउट हो गई जबकि तमिलनाडु की टीम पहली पारी में 178 रन पर अपने सात विकेट खोए दिये हैं।
टॉस बिहार ने जीता और पहले बैटिंग करने का फैसला किया। सलामी जोड़ी अनिमेष कुमार और वैभव सूर्यवंशी ने अच्छी शुरुआत की। दोनों के बीच 41 रन की साझेदारी हुई पर इसके बाद तमिलनाडु के गेंदबाजों ने ऐसा कहर बरपाया कि पूरी टीम 74 रन पर ऑल आउट हो गई। कप्तान अनिमेष कुमार ने 12, वैभव सूर्यवंशी ने 19, अनूप कुमार ने 10 रन बनाये।
तमिलनाडु के के आर प्रवीण ने 14 रन देकर पांच विकेट चटकाये।
बिहार के गेंदबाजों ने अच्छी शुरुआत की पर केटीए माधवा प्रसाद, अक्षय आर सारंगधर ने इसे कुछ देर रुका। इन दोनों के बीच 76 रन की साझेदारी हुई। 11 रन पर तमिलनाडु का पहला विकेट गिरा। इसके बाद दूसरा विकेट 59 रन पर। तीसरा और चौथा विकेट जल्दी-जल्दी गिर गया। कुछ अंतराल के बाद पांचवां, छठा और सातवां विकेट गिर गया पर आंद्रे सिदार्थ और साई कार्तिक ने खूंटा गाड़ कर विकेट के पतझड़ को रोका। एक ओर आंद्रे ने तेज खेला वहीं साई कार्तिक ने विकेट पर टिक कर उनका साथ दिया और पहले दिन का खेल खत्म होने तक स्कोर 55 ओवर में सात विकेट पर 178 रन पहुंचा। आंद्र ने 81 गेंदों में नाबाद 86 रन जबकि साई कार्तिक ने 65 गेंदों में नाबाद 10 रन बनाये। बिहार की ओर से अनूप कुमार ने 44 रन देकर 4 और सत्यम कुमार ने 52 रन देकर 3 विकेट चटकाये।
संक्षिप्त स्कोर
बिहार पहली पारी : 34.2 ओवर में 74 रन पर ऑल आउट, अनिमेष कुमार 12, वैभव सूर्यवंशी 19, मोहम्मद आलम 0, प्रशांत कुमार 7, चंदन कुमार 3, तौफिक 9, सत्यम कुमार 3, अनूप कुमार 10, सौरभ सिंह 0, आदित्य शिवम 0, वासुदेव प्रसाद सिंह नाबाद 0, बी सचिन 1/12, पी विग्नेश 2/20, आर प्रवीण 5/14, वीएस कार्तिक मणिकंदन 2/0
तमिलनाडु पहली पारी : 55 ओवर में सात विकेट पर 178 रन, अभिनव कन्नन 4, केटीए माधव प्रसाद 35, अक्षय आर सारंगधर 31, एस श्रेनिक 1, आरएस अम्बरीश 0, आंद्रे सिदार्थ नाबाद 86, पी विग्नेश 4, साई कार्तिक नाबाद 10, सत्यम कुमार 3/52, अनूप कुमार 4/44



