बर्मिंघम। भारत की युवा पहलवान अंशु मलिक को राष्ट्रमंडल खेल 2022 के महिला 57 किग्रा फाइनल में नाइजीरिया की ओडुनायो अडेकुरोये के हाथों हार कर रजत पदक से संतोष करना पड़ा। राष्ट्रमंडल खेलों में दो बार की स्वर्ण पदक विजेता ओडुनायो ने अंशु को 6-4 से मात दी।

नाइजीरियाई खिलाड़ी ने पहले हाफ में चार पॉइंट बटोर लिये थे, जिसके बाद भारतीय खिलाड़ी दबाव में आ गयी थीं, 6-1 से पिछड़ने के बाद अंशु ने दूसरे हाफ के अंतिम क्षणों में तेजी से तीन पॉइंट हासिल किये लेकिन वह पर्याप्त नहीं थे।

ग्लासगो 2014 और गोल्डकोस्ट 2018 में स्वर्ण जीत चुकी ओडुनायो ने इस जीत के साथ राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक की हैट्रिक पूरी की, जबकि अंशु को अपने पहले राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक हासिल हुआ।






