पटना। कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी अंडर-25 क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतर्गत होम ग्राउंड पर खेल रही बिहार टीम के गेंदबाज चंडीगढ़ के खिलाफ विकेट को तरस गए। और दूसरे दिन की खेल समाप्ति के बाद सलामी बल्लेबाजों हरनूर सिंह (नाबाद 187 रन) व प्रदीप यादव (117 रन) की शतकीय पारियों की बदौलत चंडीगढ़ ने पहली पारी के आधार पर बिहार पर 77 रन की बढ़त बना ली है। चंडीगढ़ ने 80 ओवर में 3 विकेट पर 382 रन बना लिये हैं। बिहार की पहली पारी में 305 रन हैं।
पटना के मोइनुल हक स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में खेल के दूसरे दिन बिहार ने पहले दिन के 85 ओवर में सात विकेट खोकर बनाए गए 293 रन से आगे खेलना शुरू किया। बिहार के परमजीत सिंह पहले दिन के स्कोर में महज एक रन का इजाफा कर 115 रन के स्कोर पर आउट हो गए। इसके बाद पूरी बिहार टीम 90 ओवर में 305 रन पर आउट हो गई। चंडीगढ़ के लिए मनदीप सिंह ने 20 ओवर में 54 रन देकर पांच, नील ने तीन व मोहम्मद असद ने दो विकेट लिये।
चंडीगढ़ के सलामी बल्लेबाजों ने धमाकेदार शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज प्रदीप यादव व हरनूर के बीच 205 रन की पार्टनरशीप रही।

इस जमी जोड़ी को बिहार के हिमांशु सिंह ने प्रदीप यादव को आकाश राज के हाथों कैच करवा कर तोड़ा। आकाश राज ने शानदार कैच पकड़ा। प्रदीप यादव 131 गेंद में 3 छक्के और 11 चौके की मदद से 117 रन बनाये। इनकी जगह आये चंडीगढ़ के कप्तान अर्जुन आजाद ने ज्यादा देर विकेट पर नहीं टिकने दिया। हिमांशु ने अर्जुन को 5 रन पर पगवाधा आउट किया। इसके बाद आयुष से हरनूर का पूरा साथ दिया। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच 79 रनों की साझेदारी हुई। चंडीगढ़ को तीसरा झटका आयुष सिक्का के रूप में लगा। आयुष 41 रन बना कर आउट हुए। आयुष का विकेट अंकित राज ने चटकाया। दूसरा दिन का खेल समाप्त होने तक चंडीगढ़ के हरनूर सिंह और मयंक सिद्धू नाबाद 28 रन बना कर खेल रहे थे।
संक्षिप्त स्कोर
बिहार पहली पारी : 90 ओवर में 305 रन पर ऑलआउट
चंडीगढ़ पहली पारी : 80 ओवर में 3 विकेट पर 382 रन, प्रदीप यादव 117, हरनूर सिंह नाबाद 187, आयुष सिक्का 41, मयंक सिद्दू नाबाद 29, बिहार गेंदबाजी हिमांशु सिंह 2/127, अंकित राज 1/22

