पटना। इधर मोइनुल हक स्टेडियम में यशस्वी रिषभ और रहमतुल्लाह का बल्ला चल रहा था वहीं राजधानी के दूसरे स्टेडियम ऊर्जा ग्राउंड पर प्रणव सिंह (नाबाद 114 रन, 295 गेंद, 14 चौका) और विभूति भास्कर (142 रन, 184 गेंद, 19 चौका) बुधवार से शुरू कर्नल सीके नायडू क्रिकेट अंडर-23 क्रिकेट टूर्नामेंट में नागालैंड के खिलाफ मैच में शानदार बैटिंग की और पहले दिन की खेल समाप्ति तक टीम का स्कोर एक विकेट पर 311 रन पहुंचा दिया। दोनों बल्लेबाज क्रीज पर जमे हैं। इस मैच में शकीबुल गणि और प्रशांत सिंह को एकादश में शामिल नहीं किया गया है। प्रणव सिंह, हर्ष कुमार और अपूर्वा आनंद को एकादश में जगह मिली है।
इस मैच में नागालैंड ने टॉस जीता और पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। बिहार की पारी की शुरुआत विपिन सौरभ और प्रणव सिंह ने की। विपिन सौरभ जहां तेज खेल रहे थे वहीं प्रणव सिंह विकेट पर टिक कर उनका साथ दे रहे थे। विपिन सौरभ ने 59 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। इस समय टीम का स्कोर 61 रन था और प्रणव इस समय मात्र 9 रन पर खेल रहे थे। अर्धशतक जमाने के बाद विपिन विकेट पर नहीं टिक पाये और जोशुआ की गेंद पर पुचु द्वारा कैच किए गए। इसके बाद प्रणव का साथ देने विभूति भास्कर आये और दोनों ने जम कर बैटिंग की। प्रणव ने 146 गेंद खेल कर और विभूति भास्कर ने 103 गेंद खेल कर अपना अर्धशतक पूरा किया। अर्धशतक जमाने के बाद विभूति भास्कर ने तेज खेलना शुरू किया और अगले 43 गेंद में 50 रन बना कर अपना शतक पूरा किया। प्रणव सिंह ने अपना शतक 251 गेंद खेल कर पूरा किया।
49