Saturday, May 23, 2026
Home Latest चीन ओपन बैडमिंटन : सिंधु व कश्यप बाहर, प्रणीत अंतिम-8 में

चीन ओपन बैडमिंटन : सिंधु व कश्यप बाहर, प्रणीत अंतिम-8 में

by Khel Dhaba
0 comment

चांगझोऊ (चीन)। हाल ही में विश्व चैंपियन बनने वाली भारत की अग्रणी महिला बैडमिटन खिलाड़ी पी.वी. सिंधु गुरुवार को चीन ओपन बैडमिंटन के महिला एकल वर्ग के दूसरे दौर में हार कर बाहर हो गईं। वहीं पुरुष एकल वर्ग में पारूपल्ली कश्यप को भी हार मिली है, लेकिन बी साई प्रणीत ने अपना दूसरे दौर का मुकाबला जीत क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।

मिश्रित युगल, पुरुष युगल और महिला युगल में भारत को हार मिली है। चीन को थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग ने कड़े मुकाबले में 12-21, 21-13, 21-19 से मात दी। यह मैच 58 मिनट तक चला।

पहला गेम सिंधु ने आसानी से अपने नाम किया लेकिन बाकी के दो गेमों में पांचवीं सीड सिंधु थाईलैंड की खिलाड़ी के सामने प्रतिस्पर्धा नहीं कर पाईं।

क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड की खिलाड़ी का सामना चीन की चेन यु फेई से होगा। चेन ने दक्षिण कोरिया की एन से यंग को 20-22, 21-17, 21-15 से मात दे अंतिम-8 में जगह बनाई।

सिंधु की हार के साथ ही इस टूर्नामेंट में महिला एकल वर्ग में भारत की चुनौती समाप्त हो गई है। सायना नेहवाल को पहली दौर में हार का सामना करना पड़ा था। पुरुष एकल वर्ग में प्रणीत ने दूसरे दौर के मैच में चीन के लु गुयांग जू को 21-19, 21-19 से मात दी। यह मैच 48 मिनट तक चला।

क्वार्टर फाइनल में प्रणीत का सामना इंडोनेशिया के एंथोनी सिनसुका गिनटिंग से होगा। गिनटिंग ने भारत के ही पारुपल्ली कश्यप को मात दे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। गिनटिंग ने कड़े मुकाबले में भारतीय खिलाड़ी को 23-21, 15-21, 21-12 से हराया। यह मैच एक घंटे 10 मिनट तक चला।

कश्यप पहले गेम में 5-8 से पीछे थे। उन्होंने वापसी करते हुए स्कोर 9-9 से बराबर कर लिया। यहां से दोनों खिलाड़ियों के बीच में अच्छी प्रतिस्पर्धा देखी गई लेकिन गिनटिंग पहला गेम अपने नाम करने में सफल रहे।

दूसरे गेम में कश्यप ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए जीत हासिल कर मुकाबले को तीसरे गेम में पहुंचा दिया जहां भारतीय खिलाड़ी इंडोनेशियाई खिलाड़ी के सामने टिक नहीं पाए।
महिला युगल वर्ग में अश्विनी पोनप्पा और एन. सिक्की रेड्डी की जोड़ी को भी दूसरे दौर में हार का सामना करना पड़ा। जापान की मिसाकी माटसुटोमो और अयाका ताकाहाशी की जोड़ी ने भारतीय जोड़ी को 21-12, 21-17 से हराया।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights