किशनगंज। शहर के बालू बस्ती तेघरिया में अवस्थित ओरिएंटल पब्लिक स्कूल में गुरुवार को जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में विद्यार्थियों के बीच एक निशुल्क शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 400 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के निदेशक सरयू मिश्रा ने किया! इस मौके पर उन्होंने कहा कि इंडोर गेम्स में शतरंज उत्कृष्ट गेम है। क्योंकि यह सिर्फ मनोरंजन करने वाला एक गेम ही नहीं है बल्कि इस गेम के माध्यम से मनुष्य की बुद्धिमता परिलक्षित होती है।
विश्व में इस खेल की सर्वाधिक कद्र है और सर्वाधिक देश इस खेल को खेलते हैं। हमारे देश के शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद इस खेल में पांच बार विश्व चैंपियन बनकर विश्व के दरबार में अपने देश का सर ऊंचा कर चुके है।
विद्यालय के पीआरओ आलोक कुमार एवं शैक्षणिक सलाहकार आशुतोष कुमार झा ने जानकारी दी कि विद्यार्थियों के लिए इस खेल की उपयोगिता को समझते हुए उन्होंने वर्ष 2015 से ही अपने विद्यालय में जिला शतरंज संघ के तत्वाधान में शतरंज प्रशिक्षण कार्यक्रम के “चेस इन स्कूल” प्रारंभ करवाया था, जो वर्तमान में भी जारी है। इसी का सुखद परिणाम है कि इस विद्यालय के विद्यार्थी सौरभ कुमार उभर कर सामने आए हैं जिन्होंने कई उच्च कोटि की शतरंज प्रतियोगिताओं में सफलता प्राप्त कर अपने विद्यालय का नाम रोशन किया है।
संघ के मानद महासचिव शंकर नारायण दत्ता एवं वरीय संयुक्त सचिव तथा कार्यक्रम के संयोजक कमल कर्मकार ने बताया कि विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अनामिका कुमारी साहा एवं उपाचार्य हिमांशु कुमार सिन्हा के दिशा निर्देश पर सारे प्रतिभागियों को कुल 10 विभागों में विभाजित कर इस प्रतियोगिता को संपन्न किया गया।
अपने-अपने विभागों में कहकशा फातमा, सोनू प्रिया, प्रिया कुमारी, मैहर अंगेज, बिपाशा कुमारी, दीपंकर बर्मन, शुभम महतो, मोहम्मद शादाब नजर को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।
फैजी फातमा, सुवर्णा मंडल, श्रुति श्रेया, सोनी कुमारी, सानिया अली, अब्दुल राशिद, विद्यानंद कुमार, मोहम्मद शशकात दूसरे स्थानों पर रहे। जबकि शायना नाज, याजमीना खातून, शायना तबस्सुम, श्रेयांशी मयंक, नाजिया परवीन, शम्स रजदा, मोहम्मद तौसीफ रजा, नासिर हुसैन को तीसरे स्थानों पर संतोष करना पड़ा।
इन सभी विजेतागण खिलाड़ियों को शनिवार के दिन विद्यालय के स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर पुरस्कृत किए जाएंगे। मौके पर संघ के संयुक्त सचिव सुधांशु सरकार, सहायक सचिव अमन कुमार गुप्ता, विद्यालय के शिक्षक गौतम कुमार दास, अर्जुन कुमार ठाकुर, विनोद कुमार, नरेश कुमार घोष, सुशांत कुमार सिन्हा, शेखर मल्लिक सहित विद्यालय परिवार के शेष लोग उपस्थित थे।