पटना, 4 जनवरी। देश के प्रथम राष्ट्रपति देशरत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जन्मस्थली सीवान जिला के जीरादेई स्थित आदर्श मध्य विद्यालय में आयोजित दो दिवसीय 51वीं बिहार राज्य जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता का खिताब बक्सर ने जीता।
फाइनल मुकाबले में बक्सर की टीम ने बेगूसराय को 30-24 से पराजित किया। इसके पहले सेमीफाइनल में बेगूसराय ने सारण को 52-24 और बक्सर ने पटना को 35-18 से हराया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि बिहार राज्य कबड्डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय सिंह रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू जिलाध्यक्ष चन्द्रकेतु सिंह ने की। विशिष्ट अतिथियों में डिवाइन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन सुभाष प्रसाद, शिक्षाविद् डॉ. गणेश दत्त पाठक, समाजसेवी रामेश्वर सिंह, धज्जू सिंह उच्च विद्यालय के प्राचार्य विवेकानंद तिवारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बिहार राज्य कबड्डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नियमित अभ्यास और समर्पित प्रयास से खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बिहार की प्रतिष्ठा बढ़ाएंगे।
सीवान जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष मनोरंजन सिंह ने इसे जीरादेई में हुआ एक ऐतिहासिक आयोजन बताया, वहीं जिला उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि राजेंद्र बाबू की जन्मभूमि पर आयोजित यह स्पर्धा विशेष महत्व रखती है। शिक्षाविद् डॉ. गणेश दत्त पाठक ने कहा कि समर्पित अभ्यास किसी भी खेल में सफलता की कुंजी है।
डिफेंस कबड्डी संघ, जीरादेई के अध्यक्ष सह आयोजन समिति के सचिव हरिकांत कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर हरेंद्र सिंह, मुहम्मद असलम, प्रशांत पुष्कर, अभिमन्यु सिंह, अंकित सिंह, पंकज कश्यप, विजय प्रताप सिंह, उमेश राम, शिवेंद्र कुमार सहित कई खेलप्रेमी उपस्थित रहे।