पटना, 19 मार्च। 52वीं सीनियर महिला नेशनल हैंडबॉल प्रतियोगिता में बेहतर खेल का प्रदर्शन कर लगातार तीन मैच जीत बिहार टीम सोमवार को क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर गई है।
दादर नागर हवेली में हैंडबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में बिहार ने अपने पूल के पहले मैच में आंध्रप्रदेश टीम को 21-6 के बड़े अंतर से जबकि दूसरे मैच में उत्तराखण्ड को 14-7 के अंतर से पराजित कर पूल विनर बन प्री क्वार्टर फाइनल में उड़ीसा को 12-6 गोल के अंतर से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। जीत के हौसले से लबरेज बिहार टीम मंगलवार को होस्ट टीम को क्वार्टर फाइनल में पछाड़ पदक के नज़दीक पंहुचने का प्रयास करेगी।
बिहार हैंडबॉल के महासचिव ब्रजकिशोर शर्मा ने बताया कि बिहार की बेटियां बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए बेहतर शुरुआत के साथ पदक से महज एक कदम दूर है। टीम कैप्टन राधा कुमारी की अगुआई में खेलते हुए बिहार टीम से मानसी, सुषमा, रचना, रोहिणी, प्रिया, सिमरन, कोमल, किसमत, निधि, सावनी, पुष्पा, मनीषा, अंजलि ने बेहतर खेल का प्रदर्शन किया। बिहार महिला टीम के बेहतर प्रदर्शन पर बिहार हैंडबॉल संघ के तमाम पदाधिकारी, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमियों ने बिहार टीम के खिलाड़ियों, कोच, मैनेजर को बधाई के साथ बेहतर प्रदर्शन की शुभकामना दी है।

