बेगूसराय, 28 दिसंबर। स्थानीय गांधी स्टेडियम में रविवार यानी 28 दिसंबर को बेगूसराय प्रीमियर लीग (BPL) सीजन 9 के अंतर्गत खेले गए दूसरे मुकाबले में किंग्स इलेवन बेगूसराय ने नौला नाइटराइडर्स को 100 रनों से पराजित किया। यह मुकाबला दर्शकों के लिए रोमांचक तो था ही साथ ही बेगूसराय क्रिकेट के युवाओं के लिए एक प्रेरणास्पद खेल भी साबित हुआ।
मैच के पूर्व बेगूसराय जिला क्रिकेट संघ के सचिव मृत्युंजय कुमार वीरेश और बीपीएल संयोजक निराला कुमार ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त किया और आगामी मैचों के बारे में जानकारी साझा की।
मैच का सारांश
पहली पारी:
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए किंग्स इलेवन बेगूसराय ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 191 रन बनाए। टीम की ओर से शुभम और अंकित ने 44-44 रन बनाए, जबकि राहुल कृष्णा ने 25 गेंद में 42 रन की धमाकेदार पारी खेली। नौला नाइटराइडर्स की तरफ से वीरेंद्र ने 3 विकेट और राज मल्लिक ने 2 विकेट लिए।
दूसरी पारी:
बल्लेबाजी के लिए उतरी नौला नाइटराइडर्स की टीम 15.3 ओवर में 91 रन पर ऑल आउट हो गई। इस पारी में राज मल्लिक ने 28 और अमन ने 16 रन बनाए। किंग्स इलेवन बेगूसराय की गेंदबाजी में राज रवि ने 4 ओवर में 10 रन देकर 4 विकेट, जबकि हर्ष ने 2 विकेट झटके।
इस शानदार प्रदर्शन के लिए राज रवि मणि को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार संयोजक निराला कुमार और मैच के मुख्य निर्णायक शाहिद अख्तर तथा विश्वजीत द्वारा प्रदान किया गया।
प्रमुख उपस्थित लोग
मैच के दौरान प्रेम रंजन पाठक, मुकेश कुमार पप्पू, रामकुमार, शिवम कुमार, गौरव भारद्वाज, सुमित गौतम सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। मीडिया प्रभारी विवेक कुमार ने जानकारी दी कि BPL का अगला मुकाबला मटिहानी वॉरियर्स बनाम किंग्स इलेवन बेगूसराय के बीच खेला जाएगा।