सूरत। कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट में बिहार के खिलाफ बड़ौदा ने मजबूत शुरुआत की है। अभिमन्यु सिंह के नाबाद शतक की मदद से पहले दिन की खेल समाप्ति के बाद बड़ौदा ने छह विकेट पर 331 रन बना लिये हैं।
सूरत के लालभाई कांट्रेक्टर स्टेडियम में शुरू इस मुकाबले में टॉस बड़ौदा ने जीता और पहले बैटिंग करने का फैसला किया। बड़ौदा की शुरुआत खराब रही। जब टीम का स्कोर 7 रन था तो मोहित कुमार ने सलामी बैटर किनित पटेल को कीपर बलजीत सिंह बिहारी के हाथों कैच करवा कर पवेलियन भेज दिया।
इसके बाद अर्थव कारुलकर ने सलामी बैटर जेके सिंह का पूरा साथ दिया। दोनों ने जमकर बैटिंग की। इन दोनों के बीच 97 रनों की साझेदारी हुई। 104 रन पर बड़ौदा को दूसरा झटका लगा। अर्थव कारुलकर 56 रनों की पारी खेल कर मयंक कुमार का शिकार बने।
इसके तुरंत बाद जेके सिंह को भी आकाश राज ने पवेलियन लौटा दिया। जेके सिंह ने 44 रन बनाये।
बीच में बड़ौदा की झटके जरूर लगे पर स्कोर बढ़ता चला और पहले दिन उसने छह विकेट पर 331 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।
बड़ौदा की ओर से मोहित मौंगिया ने 40 गेंदों में 31, एबी मोरे ने 13 रन बनाये। एनए राथवा ने 7 रन की पारी खेली। अभिमन्यु सिंह 101 रन और महेश पिथिया 62 रन बना कर क्रीज पर जमे हैं।
बिहार की ओर से मोहित कुमार ने 53 रन देकर 1,आकाश राज ने 68 रन देकर 1,मयंक कुमार ने 59 रन देकर 2,कुणाल चौहान ने 32 रन देकर 1 विकेट चटकाये।





