Sunday, March 8, 2026
Home Uncategorized ऑस्ट्रेलिया ने एकमात्र टेस्ट में भारत को 10 विकेट से रौंदा

ऑस्ट्रेलिया ने एकमात्र टेस्ट में भारत को 10 विकेट से रौंदा

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली की हुई शानदार विदाई

by Khel Dhaba
0 comment

पर्थ, 8 मार्च। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एकमात्र डे-नाइट क्रिकेट टेस्ट मैच में भारत को दस विकेट से हार झेलनी पड़ी। ऑस्ट्रेलिया ने भारत को दूसरी पारी में 149 रन पर समेटने के बाद 25 रन के मामूली लक्ष्य को बिना किसी परेशानी के हासिल कर लिया।

यह मैच ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली का आखिरी मैच था और उनकी शानदार विदाई हुई। भारतीय टीम अपनी दूसरी पारी में छह विकेट पर 105 रन से आगे खेलते हुए 48.2 ओवर में 149 रन पर सिमट गई जिसमें प्रतिका रावल ने 137 गेंद में 63 रन की पारी खेली।

एशले गार्डनर (आठ रन पर दो विकेट) ने कल की दोनों नाबाद बल्लेबाजों स्नेहा राणा (30) और प्रतिका को आउट किया। गार्डनर ने स्नेह को बोल्ड करके इस साझेदारी को तोड़ा।

प्रतिका भी इसके बाद ऑफ स्पिनर गार्डनर की गेंद को पुल करने की कोशिश में हवा में लहरा गईं और मैच की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी एनाबेल सदरलैंड ने उनका शानदार कैच लपका जिससे भारतीय पारी का अंत हुआ।

ऑस्ट्रेलिया की सबसे सफल गेंदबाज लूसी हैमिल्टन रहीं जिन्होंने 32 रन पर तीन विकेट चटकाए जबकि सदरलैंड ने 15 और एलेना किंगा ने 23 रन पर दो-दो विकेट हासिल किए।

ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए सिर्फ 25 रन की दरकार थी और सलामी बल्लेबाजों जॉर्जिया वोल (नाबाद 16) और फोबे लिचफील्ड (नाबाद 11) ने 4.3 ओवर में ही बिना विकेट खोए 28 रन बनाकर मेजबान टीम को जीत दिला दी।

इससे पूर्व भारत ने पहली पारी में 198 रन बनाए थे जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने सदरलैंड के 129 रन की मदद से 323 रन बनाकर मेजबान टीम को पहली पारी में अहम बढ़त दिलाई थी।

मैच के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि हमने टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला जीतकर अच्छी शुरुआत की लेकिन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय और टेस्ट मैच में अच्छा काम जारी नहीं रख सके लेकिन ऑस्ट्रेलिया में पूर्ण श्रृंखला खेलना एक अच्छा अनुभव था। गुलाबी गेंद का टेस्ट एक अलग चुनौती थी।

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान हीली ने कहा कि टी20 शृंखला में हार के बाद वापसी करना अविश्वसनीय था और मुझे टीम पर गर्व है। इस टीम को आगे बढ़ते और कुछ अच्छे नतीजे हासिल करते देखकर खुश हूं। पिछले एक हफ्ते से अधिक का समय बहुत बढ़िया रहा।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Subscribe my Newsletter for new blog posts, tips & new photos. Let's stay updated!

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights