Wednesday, September 24, 2025
Home Asia Rugby U20 Tournament 2025 Asian Rugby Sevens राजगीर में एशियन रग्बी अंडर-20 सेवेंस चैंपियनशिप का भव्य आगाज़

Asian Rugby Sevens राजगीर में एशियन रग्बी अंडर-20 सेवेंस चैंपियनशिप का भव्य आगाज़

इस रग्बी खेल महाकुंभ में 9 देशों की टीमें शामिल

by Khel Dhaba
0 comment

राजगीर, 8 अगस्त। राजगीर खेल परिसर में शुक्रवार को एशियन रग्बी अंडर-20 सेवन्स चैंपियनशिप 2025 का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह का आयोजन ग्रामीण विकास मंत्री श्री श्रवण कुमार और बिहार सरकार के खेल मंत्री श्री सुरेन्द्र मेहता के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। मुकाबले नौ अगस्त से शुरू होंगे।

उद्घाटन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, खेल प्रेमी और खिलाड़ी उपस्थित रहे। रग्बी इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध अभिनेता श्री राहुल बोस ने अपने संबोधन में बिहार में विकसित की गई विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व को राज्य की खेल प्रगति का आधार बताया। उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट बिहार ही नहीं, पूरे देश के लिए गौरव की बात है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस प्रतियोगिता के शुभंकर और लोगो का अनावरण कर पहले ही आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया था।

नौ अगस्त से शुरू होने वाली इस दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में भारत, चीन, हांगकांग, यूएई, कज़ाख़स्तान, उज्बेकिस्तान, श्रीलंका, मलेशिया और नेपाल की 16 पुरुष एवं महिला टीमें भाग ले रही हैं। कुल 192 खिलाड़ी, 32 कोच और 50 तकनीकी अधिकारी इस भव्य आयोजन का हिस्सा हैं।

भारत की अंडर-20 पुरुष टीम में बिहार के गोल्डन कुमार और सागर प्रकाश, जबकि महिला टीम में राज्य की आरती कुमारी, अनशु कुमारी, अल्पना कुमारी और गुड़िया कुमारी का चयन हुआ है। पुरुष टीम की कप्तानी सुमित कुमार रॉय और उपकप्तानी करन राजभार, जबकि महिला टीम की कप्तान भूमिका शुक्ला और उपकप्तान तनुश्री भोसले हैं। कोच के रूप में अंतरराष्ट्रीय अनुभव वाले फ्रैंको ‘पाको’ हेर्नांडेज़ (पुरुष) और सुसान मार्टिनेज़ (महिला) शामिल हैं।

राजगीर खेल परिसर अपनी आधुनिक खेल सुविधाओं के लिए जाना जाता है। यहां 45,000 दर्शकों की क्षमता वाला मुख्य स्टेडियम, एथलेटिक्स ट्रैक, इनडोर हॉल, स्विमिंग पूल और विभिन्न खेलों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह परिसर ना केवल प्रतियोगिताओं बल्कि राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविरों का भी प्रमुख केंद्र बन चुका है।

उद्घाटन समारोह के दौरान बिहार की सांस्कृतिक विरासत को भी मंच पर प्रस्तुत किया गया। झिझिया, सामा-चकेवा जैसे पारंपरिक लोकनृत्यों ने दर्शकों और अंतरराष्ट्रीय मेहमानों को बिहार की जीवंत संस्कृति से परिचित कराया।

कार्यक्रम में बिहार खेल विश्वविद्यालय के कुलपति श्री शिशिर सिन्हा, खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंदर, निदेशक खेल महेंद्र कुमार, नालंदा के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक भारत सोनी सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

यह आयोजन बिहार सरकार की खेल नीति और राज्य में खेलों को प्रोत्साहन देने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। भविष्य में ऐसे आयोजनों से खेल पर्यटन, खिलाड़ियों के अंतरराष्ट्रीय अवसर, और बिहार की वैश्विक पहचान को और मजबूती मिलेगी।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Subscribe my Newsletter for new blog posts, tips & new photos. Let's stay updated!

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights