सिडनी। उस्मान ख्वाजा के नौवें टेस्ट शतक की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ चौथे एशेज टेस्ट के दूसरे दिन आठ विकेट पर 416 रन के स्कोर पर पारी घोषित की। जवाब में दूसरे दिन का खेल समाप्त होने पर इंग्लैंड ने बिना किसी नुकसान के 13 रन बना लिये थे।
2019 के बाद पहला टेस्ट खेल रहे ख्वाजा को ट्रेविस हेड के कोरोना पॉजिटिव पाये जाने के कारण ही ऑस्ट्रेलियाई टीम में जगह मिली थी। उन्होंने स्टीव स्मिथ ( 67 ) के साथ शतकीय साझेदारी की और फिर ऑस्ट्रेलियाई पारी के सूत्रधार की भूमिका निभाई। उन्होंने 206 गेंद में 137 रन की पारी खेली।
इससे पहले स्टुअर्ट ब्रॉड ने दूसरी नई गेंद से ऑस्ट्रेलिया को लगातार दो झटके दिये। उन्होंने 101 रन देकर पांच विकेट लिये।
Welcome back to Test cricket, Usman Khawaja! 🙌@VodafoneAU | #Ashes pic.twitter.com/L8kWc9WwyF
— cricket.com.au (@cricketcomau) January 6, 2022
दूसरे दिन के अंत में हसीब हमीद और जाक क्रॉली दो-दो रन बनाकर खेल रहे थे। इंग्लैंड ऑस्ट्रेलिया के पहली पारी के स्कोर से 403 रन पीछे है।
इंग्लैंड ने लंच ब्रेक के बाद दूसरी नई गेंद ली और इसका फायदा तुरंत मिला जब ब्रॉड ने स्मिथ को विकेट के पीछे जोस बटलर के हाथों लपकवाया। इसके साथ ही स्मिथ और ख्वाजा की 115 रन की साझेदारी भी टूट गई। इसके चार ओवर बाद ब्रॉड ने कैमरन ग्रीन ( पांच ) को स्लिप में जाक क्रॉली के हाथों लपकवाया। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर इस समय पांच विकेट पर 242 रन था।