यह कोई गांव-देहात का मैच नहीं है। मैच इंटरनेशनल है। आप सोचेंगे कम से कम 40-50 रन तो बने ही होंगे। नहीं भाई सिर्फ 10 रन पर दस विकेट गिर गए। यह 10 रन 10 ओवर में बने और विपक्षी टीम को लक्ष्य को प्राप्त करने में सिर्फ 5 गेंद। यह किसी भी टीम का संयुक्त रूप से सबसे छोटा स्कोर है, जबकि दूसरा सबसे कम गेंदों में खत्म होने वाला इंटरनेशनल मैच बन गया है।
यह मैच आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप एशिया क्वालीफायर-ए 2024 के तहत मंगोलिया और सिंगापुर के बीच खेला गया। YSD-UKM Cricket Oval (Bangi) क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पहले बैटिंग करने उतरी मंगोलिया की टीम सिर्फ 10 रन पर आउट हो गई। उसके लिए सबसे अधिक Gandemberel Ganbold और Zoljavkhlan Shurentsetseg ने 2-2 रन की पारी खेली, जबकि 4 बल्लेबाज शून्य पर आउट हो गए।

4 ओवर और चारों मेडन
सिंगापुर के लिए घातक गेंदबाजी करते हुए भारतीय मूल के खिलाड़ी हर्षा भारद्वाज ने 4 ओवर में सिर्फ 3 रन देकर 6 विकेट झटके। यह किसी भी टी20 इंटरनेशनल मैच में दूसरा सर्वश्रेष्ठ बॉलिंग है। उन्होंने इस दौरान 2 मेडन ओवर भी फेंके। उनके अलावा दूसरे भारतीय मूल के खिलाड़ी अक्षय पूरी ने 4 रन देकर 2 विकेट चटकाए।
10 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिंगापुर की टीम को पहला झटका एक खाता खोलने से पहले लगा। कप्तान मनप्रीत सिंह को Enkhbat Batkhuyag ने चलता किया, लेकिन इसके बाद विलियम सिम्पसन ने एक चौका सहित नाबाद 6 और रौल शर्मा ने एक छक्का सहित नाबाद 7 रन बनाते हुए टीम को जीत दिला दी। इस तरह से मैच सिर्फ 5 गेंद में ही खत्म हो गया। यह इंटरनेशनल क्रिकेट इतिहास का दूसरा सबसे कम समय (गेंदों के लिहाज से) में खत्म होने वाला मैच भी बन गया है। इससे पहले आइल ऑफ मैन के खिलाफ स्पेन ने सिर्फ 2 गेंदों में जीत दर्ज की थी। यहां भी 11 रनों का लक्ष्य मिला था।