बेतिया, 1 मार्च। संत जेवियर्स हायर सेकेंडरी स्कूल के मैदान पर पिछले एक माह से चल रहे अंडर-17 यूथ लीग फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य समापन हो गया। फाइनल मुकाबला सेंट जेवियर्स अल्फा और प्रीमियर स्पोर्टिंग फुटबॉल एकेडमी के बीच खेला गया।
खिताबी मुकाबले में प्रीमियर स्पोर्टिंग फुटबॉल एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेंट जेवियर्स अल्फा को 5-0 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मैच के दौरान दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला खेल पदाधिकारी पश्चिम चंपारण विजय कुमार पंडित रहे। विशिष्ट अतिथियों में सेंट जेवियर्स हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य फादर आर्मस्ट्रांग एडिसन, कुलदीप अरोड़ा, रज़ीउल्लाह खान एवं अनिल कुमार झा उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार सुमंत कुमार (सेंट जेवियर्स अल्फा) को दिया गया। सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार अक्षय (पश्चिम चंपारण फुटबॉल क्लब) को प्रदान किया गया। उभरते खिलाड़ी का पुरस्कार ब्रावो को तथा सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी का पुरस्कार आयुष कुमार (पीएसएफए) को मिला।
फाइनल मैच का संचालन रेफरी शशि ठाकुर, समीर संजय, राहुल प्रियंशी एवं युवराज पासवान ने किया। मैच के दौरान पीएसएफए के हेड कोच एवं नेशनल रेफरी नवीन उत्तपाल, कोच अविनाश कुमार तथा टीम मैनेजर मरियम खातून भी उपस्थित रहीं।
समारोह के अंत में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया तथा खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।