मधुबनी, 21 जनवरी। जिला क्रिकेट संघ, मधुबनी के तत्वावधान में आयोजित मधुबनी जिला क्रिकेट लीग सत्र 2025–26 के तहत आज का मुकाबला FCC, उमगांव और नन्हे क्रिकेट एकेडमी, मधुबनी के बीच विद्यालय मैदान, नरार में खेला गया। मुकाबले को 35–35 ओवर का कराने का निर्णय निर्णायकों द्वारा लिया गया। मैच के निर्णायक विवेक कुमार झा और चंद्र विजय थे।
टॉस जीतकर FCC, उमगांव ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए FCC, उमगांव की टीम 23.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 116 रन ही बना सकी। बल्लेबाजी में चंदन ने 14 रन, शिवम ने 11 रन और निशांत ने 10 रन का योगदान दिया।
नन्हे क्रिकेट एकेडमी, मधुबनी की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए अश्वनी और दीपक ने 3–3 विकेट झटके। वहीं राधे कृष्णा को 2 विकेट मिले, जबकि सिद्धार्थ और अमरजीत ने 1–1 विकेट हासिल किया।
116 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नन्हे क्रिकेट एकेडमी, मधुबनी की टीम 24.5 ओवर में 112 रन पर ऑल आउट हो गई। इस तरह FCC, उमगांव ने मुकाबला 4 रन से जीत लिया।
नन्हे क्रिकेट एकेडमी की ओर से बल्लेबाजी में हिमांशु ने 24 रन, दिव्यांशु ने 12 रन बनाए, जबकि अश्विनी और अमरजीत ने 9–9 रन का योगदान दिया।
FCC, उमगांव की ओर से गेंदबाजी में नरेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। इसके अलावा गौतम को 3 विकेट, विकास झा को 2 विकेट और अभिषेक को 1 विकेट मिला।
बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए नरेश को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार निर्णायक चंद्र विजय द्वारा प्रदान किया गया।