Friday, March 13, 2026
Home झारखंडअन्य 69वीं राष्ट्रीय एसजीएफआई ट्रैक साइक्लिंग में झारखंड के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

69वीं राष्ट्रीय एसजीएफआई ट्रैक साइक्लिंग में झारखंड के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर राज्य का बढ़ाया मान

by Khel Dhaba
0 comment

रांची, 15 जनवरी। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की मेजबानी में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली ट्रैक साइक्लिंग प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ खेलगांव स्थित सिद्धू कानू वेलोड्रोम स्टेडियम, रांची में किया गया। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता देशभर के प्रतिभाशाली स्कूली साइकिलिस्टों को एक मंच प्रदान कर रही है, जहां वे अपनी क्षमता और मेहनत का प्रदर्शन कर रहे हैं।

उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों का बढ़ा हौसला

प्रतियोगिता का उद्घाटन मंजूनाथ भजंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने कहा कि खिलाड़ी स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर अभ्यास करें, तभी वे राज्य और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बीते छह वर्षों में झारखंड में खेल अधोसंरचना का तीव्र विकास हुआ है और जिला प्रशासन खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देता रहेगा।

इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी रांची कुमार रजत, झारखंड ओलंपिक संघ के महासचिव मधुकांत पाठक, एथलेटिक संघ के एस. के. पांडेय, जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र सिंह, सुरेश कुमार, शैलेंद्र पाठक, सुरजीत सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। सभी अतिथियों का स्वागत राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह आयोजन सचिव धीरसेन ए. सोरेंग ने पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न भेंट कर किया।


आईटीटी ट्रैक साइक्लिंग मुकाबलों में दिखा रोमांच

प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न आयु वर्गों की आईटीटी (इंडिविजुअल टाइम ट्रायल) स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। देश के अलग–अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए साइकिलिस्टों ने बेहतरीन तकनीक, संतुलन और गति का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का दिल जीत लिया।

 पदक विजेताओं का विवरण

आईटीटी 500 मीटर (बालक अंडर–14 वर्ग)

  •  स्वर्ण: पोइरेंगानबा चानमबाम (मणिपुर)

  •  रजत: मयेंगबाम हेंथोई सिंह (मणिपुर)

  •  कांस्य: अभिनव बिश्नोई (राजस्थान)

आईटीटी 500 मीटर (बालक अंडर–17 वर्ग)

  • स्वर्ण: नरेंगमाम मैक्सन सिंह (दिल्ली)

  •  रजत: युमनाम सुशील सिंह (मणिपुर)

  •  कांस्य: लियोनाल्ड बैकर (अंडमान एवं निकोबार)

आईटीटी 500 मीटर (बालिका अंडर–17 वर्ग)

  •  स्वर्ण: नमिता वॉयलेट (अंडमान एवं निकोबार)

  •  रजत: गायत्री चंद्रशेखर तंबवेकर (महाराष्ट्र)

  •  कांस्य: आई. एस. ब्रिडनी (अंडमान एवं निकोबार)

आईटीटी 500 मीटर (बालिका अंडर–19 वर्ग)

  • स्वर्ण: सबिना कुमारी (झारखंड)

  •  रजत: ब्रिटनी (अंडमान एवं निकोबार)

  •  कांस्य: प्रभजोत कौर बेहनीवाल (पंजाब)

आईटीटी 1000 मीटर (बालक अंडर–19 वर्ग)

  • स्वर्ण: बिकाश उरांव (झारखंड)

  • रजत: नारायण महतो (झारखंड)

  • कांस्य: अरशदीप सिंह (पंजाब)


झारखंड का दबदबा, खिलाड़ियों ने बढ़ाया राज्य का गौरव

बालिका अंडर–19 और बालक अंडर–19 वर्ग में झारखंड के साइकिलिस्टों ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर यह साबित कर दिया कि राज्य में ट्रैक साइक्लिंग का भविष्य उज्ज्वल है। घरेलू मैदान पर मिले समर्थन और बेहतर खेल सुविधाओं का लाभ खिलाड़ियों को साफ तौर पर मिलता दिखा।

इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासकीय पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग एवं राज्य खेल कोषांग के सभी सदस्यों ने पदक विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Subscribe my Newsletter for new blog posts, tips & new photos. Let's stay updated!

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights