पटना, 7 मार्च। आकाश राज ( नाबाद 151 रन), पीयूष कुमार सिंह (146 रन) के शानदार शतकों और सूरज कुमार कश्यप (5 विकेट) के पंजा की बदौलत पटना ने अरवल को 249 रन के भारी अंतर से पराजित कर बीसीए मेंस सीनियर वनडे ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट के पाटलिपुत्र जोन में लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
स्थानीय मोइनुल हक स्टेडियम में 7 मार्च यानी शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में टॉस अरवल ने जीता और पटना को बैटिंग का न्योता दिया। सलामी जोड़ी पीयूष कुमार सिंह और आशीष मिश्रा के बीच 107 रन की साझेदारी हुई। पिछले मैच में शतकीय पारी खेलने वाले आशीष मिश्रा इस बार 55 गेंद में 4 चौका व 1 छक्का की मदद से 37 रन बना कर आउट हुए।
इसके बाद पीयूष कुमार सिंह को आकाश राज का साथ मिला और दूसरे विकेट के लिए इन दोनों ने 187 साझेदारी कर स्कोर को 300 के करीब पहुंचाया। जब टीम का स्कोर 294 रन था तब पीयूष कुमार सिंह के रूप में पटना को दूसरा झटका लगा।
पीयूष कुमार सिंह ने 127 गेंद में 18 चौका व 1छक्का की मदद से 146 रन की पारी खेली। इसके बाद आकाश राज और हर्ष राज मिल कर टीम का स्कोर निर्धारित 50 ओवर में स्कोर को 350 रन के पार पहुंचा दिया। पटना ने निर्धारित 50 ओवर में दो विकेट पर 356 रन बनाये। आकाश राज ने 103 गेंद में 17 चौका व 5 छक्का की मदद से नाबाद 151 रन बनाये। हर्ष राज ने 15 गेंद में नाबाद 14 रन की पारी खेली।
अरवल की ओर से आयुष कुमार और शांतनु चंद्रा ने 1-1 विकेट चटकाये।
जवाब में अरवल की टीम 27.4 ओवर में 107 रन पर ऑल आउट हो गई। आनंद प्रकाश ने 26 गेंद में 5 चौका की मदद से 25, शशीम राठौर ने 26 गेंद में 4 चौका व 1 छक्का की मदद से 28,अमन राज ने 38 गेंद में 3 चौका की मदद से 22, मनमोहन ने 20 गेंद में 1 चौका व 1 छक्का की मदद से 13 रन की पारी खेली।
पटना की ओर से सूरज कुमार कश्यप ने 5, अभिनव सिंह ने 3,अभिषेक सिंह और रिषभ राकेश ने 1-1 विकेट चटकाये। विजेता टीम के आकाश राज को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। मैच के अंपायर संजीव कुमार सिंह और सुभित कुमार सिंह थे जबकि स्कोरर नितेश कुमार थे।
संक्षिप्त स्कोर
पटना : 50 ओवर में दो विकेट पर 356 रन, पीयूष कुमार सिंह 146, आशीष कुमार मिश्रा 37, आकाश राज नाबाद 151, हर्ष राज नाबाद 14, आयुष कुमार 1/72,शांतनु चंद्रा 1/54
अरवल : 27.4 ओवर में 107 रन पर ऑल आउट आनंद 25, शशीर माठौर 28,अमन राज 22, मनमोहन 13,अभिनव सिंह 3/12, अभिषेक सिंह 1/49, सूरज कश्यप 5/22, रिषभ राकेश 1/4