वैशाली, 6 मार्च। सारण को 76 रन से हरा कर गोपालगंज ने बीसीए मेंस सीनियर वनडे ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। विजेता टीम के सचिन कुमार सिंह (43 रन, 3 विकेट) को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
स्थानीय जेपी सिन्हा स्टेडियम में खेले गए वेस्टर्न जोन के मुकाबले में गोपालगंज ने पहले बैटिंग करते हुए 37.3 ओवर में सभी विकेट खोकर 144 रन बनाये। जवाब में सारण की टीम 20.4 ओवर में मात्र 68 रन पर ऑल आउट हो गई।
टॉस सारण ने जीता और गोपालगंज को बैटिंग करने का न्योता दिया। गोपालगंज की शुरुआत काफी खराब रही। टॉप ऑर्डर के चार बैटर विकास चौधरी, शाश्वत गिरि, प्रशांत कुमार और कप्तान उत्कर्ष सिंह बिना दहाई का आंकड़ा पार किये पवेलियन लौटे। 40 के टीम स्कोर पर गोपालगंज के चार विकेट गिर चुके थे।
लड़खड़ाती पारी को प्रशांत श्रीवास्तव और सचिन कुमार सिंह ने संभाला। दोनों के बीच 45 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। इसके बाद आर्यन राज ने भी अच्छा स्कोर किया और गोपालगंज की टीम 37.3 ओवर में 144 रन सभी विकेट खोकर बना पाया।
प्रशांत श्रीवास्तव ने 71 गेंद में 4 चौका की मदद से 28, सचिन कुमार सिंह ने 45 गेंद में 5 चौका की मदद से 43, आर्यन राज ने 31 गेंद में 3 चौका की मदद से 22 रन बनाये।
सारण की ओर से प्रशांत सिंह ने बेहतरीन गेंदबजी की और 5 विकेट चटकाये। निलेश, विकास, आरिफ को 1-1 जबकि प्रिंस सिंह को 2 विकेट मिला।
जवाब में गोपालगंज के गेंदबाजों ने कसी गेंदबाजी की और सारण को 20.4 ओवर में 68 रन पर ऑल आउट कर दिया। सारण की ओर से हिमांशु शर्मा ने 12,चंदन कुमार ने 14, प्रशांत सिंह ने नाबाद 23 रन बनाये।
गोपालगंज की ओर से आमोद यादव ने 2, सचिन कुमार सिंह और प्रशांत श्रीवास्तव ने 3-3 विकेट चटकाये।
संक्षिप्त स्कोर
गोपालगंज : 37.3 ओवर में 144 रन पर ऑल आउ प्रशांत श्रीवास्तव 28, सचिन कुमार सिंह 43, आर्यन राज 22, अतिरिक्त 10,प्रशांत सिंह 5/31, निलेश शर्मा 1/20, विकास यादव 1/20, आरिफ इकबाल 1/26, प्रिंस सिंह 2/27
सारण : 20.4 ओवर में 68 रन पर ऑल आउट हिमांशु 12,चंदन 14, प्रशांत सिंह नाबाद 23, आमोद यादव 2/13,सचिन कुमार सिंह 3/21, प्रशांत श्रीवास्तव 3/15