जामताड़ा (झारखंड), 1 मार्च। कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड के तत्वावधान में स्थानीय गांधी मैदान में शुक्रवार यानी 1 मार्च को 17वीं झारखंड राज्यस्तरीय सीनियर कबड्डी चैंपियनशिप का शानदार आगाज हुआ। उद्घाट मुकाबले में हजारीबाग ने पलामू को 46-28 से पराजित किया।
इससे पहले प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा नेता वीरेंद्र मंडल, कबड्डी एसोसिएशन झारखंड के अध्यक्ष राजीव रंजन मिश्रा, महासचिव विपिन कुमार सिंह आदि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
इस मौके पर वीरेंद्र मंडल ने कहा कि खेल की भावना से खेलें। खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाले खिलाड़ी भी हार जाते हैं पर इससे निराश नहीं होना है। हार की चिंता नहीं करते हुए खेल में प्रतिस्पर्धा करना है। व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धा नहीं करें। तभी खेल में निखार आएगा।
इस मैदान में खेलने वाले खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करेंगे। जहां भी सहयोग की जरूरत रहेगा मैं तैयार हूं। उन्होंने सभी से खेल का आनंद लेने की अपील की। बताते चलें कि इस प्रतियोगिता में राज्य के 19 जिलों के खिलाड़ी उपस्थित थे। मौके पर जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष मीरा मिश्रा, आयोजन सचिव अरविंद ओझा, उद्घोषक डीडी भंडारी, कोषाध्यक्ष मनीष बरणवाल, रोहित कुमार समेत सैकड़ों की संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे।