पटना, 7 अगस्त। अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले बिहार राज्य कबड्डी संघ की मेजबानी में बोधगया में आगामी 9 से 11 अगस्त तक होने वाली 11वीं राष्ट्रीय बीच कबड्डी प्रतियोगिता (पुरुष एवं महिला) की तैयारी अंतिम चरण में है।
यह जानकारी देते हुए बिहार राज्य कबड्डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता के दौरान भारतीय टीम का चयन होगा जो विश्व कप खेलने जायेगी। चयन के लिए चयनकर्ताओं की प्रतिनियुक्ति अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा कर दिया गया है। अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा भेजे गए पत्र के अनुसार पुरुष वर्ग के चयककर्ता मनप्रीत सिंह (ध्यानचंद अवार्डी), मनप्रीत चिल्लर (अर्जुन अवार्डी) और एल श्रीनिवास रेड्डी (पूर्व कोच भारतीय कबड्डी टीम) होंगे जबकि महिला वर्ग में श्रीमती तेजस्विनी वाई वी (अर्जुन अवार्डी), ममता पूजारी (अर्जुन अवार्डी) और बनानी साहा (पूर्व कोच इंडियन कबड्डी टीम) को बनाया गया है।

उन्होंने बताया कि गया जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष तेजस्वी सिंह की देखरेख में स्थानीय स्तर पर आयोजन की तैयारी पूरी कर ली गई है। खिलाड़ियों के रहने व खाने की उत्तम व्यवस्था की गई है। मैच का आयोजन फल्गू नदी के तट पर किया जायेगा। उन्होंने कहा कि टीमों का आना 8 अगस्त से शुरू हो जायेगा।
गया जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष तेजस्वी सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आने वाले खिलाड़ियों व अतिथियों का गया रेलवे स्टेशन और गया एयरपोर्ट पर शानदार स्वागत होगा और उन्हें गया, बोधगया और राजगृह दर्शन करा कर विकसित बिहार से रू-ब-रू कराया जायेगा। साथ ही भोजन में बिहारी व्यंजनों का भी स्वाद चखाया जायेगा