सिमडेगा, 7 नवंबर। भारतीय हॉकी के स्वर्णिम इतिहास की सौंवी वर्षगांठ के अवसर पर पूरे देश में हर्ष और उत्साह का माहौल रहा। इसी कड़ी में हॉकी की नर्सरी कहे जाने वाले सिमडेगा में भी हॉकी सिमडेगा द्वारा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में महिला और पुरुष वर्ग के प्रदर्शनी मैचों का शानदार आयोजन किया गया।
एसटीसी लचरागढ़ और लिटिल टाइगर क्लब बने विजेता
महिला वर्ग का रोमांचक मुकाबला एसटीसी लचरागढ़ और एसटीसी सिमडेगा के बीच खेला गया, जिसमें एसटीसी लचरागढ़ की टीम ने 2-1 से जीत दर्ज की। वहीं पुरुष वर्ग में लिटिल टाइगर क्लब और एसटीसी सिमडेगा के बीच कांटे का मुकाबला हुआ, जिसमें लिटिल टाइगर क्लब ने 3-2 गोल से रोमांचक जीत हासिल की।
अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय लेकर किया मैच का शुभारंभ
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मनोज कुमार सिन्हा (जिला प्रमुख, डीडी न्यूज) और श्रीमती मुक्ति कुल्लू (सामाजिक कार्यकर्ता एवं कई खिलाड़ियों की प्रेरणास्रोत माता) उपस्थित रहीं। दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच की शुरुआत की। समापन समारोह में विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सिमडेगा: भारतीय हॉकी की गौरवशाली धरती
अखंड भारत में हॉकी संघ का गठन 7 नवंबर 1925 को हुआ था। आज इसकी 100वीं वर्षगांठ पूरे देश के 570 जिलों और दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में भव्य रूप से मनाई जा रही है। सिमडेगा की धरती देश को अब तक तीन ओलंपियन दे चुकी है- स्व. माइकल किंडो (1972 म्यूनिख ओलंपिक,कांस्य पदक), श्री सिलबानुस डुंगडुंग (1980 मॉस्को ओलंपिक,स्वर्ण पदक), सुश्री सलीमा टेटे (2020 टोक्यो ओलंपिक,चौथा स्थान)
इसके अलावा तीन महिला कप्तान-सुमराए टेटे, असुंता लकड़ा और सलीमा टेटे तथा संगीता कुमारी, ब्यूटी डुंगडुंग, दीपिका सोरेंग, कांति बा, एडलिन केरकेट्टा, बिरेंद्र लकड़ा जैसे दर्जनों अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने सिमडेगा की मिट्टी का नाम ऊँचा किया है।
सफल आयोजन में रही टीम की अहम भूमिका
इस आयोजन को सफल बनाने में हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी, पैंखरासियूस टोप्पो, कमलेश्वर मांझी, वेद प्रकाश, तारिणी कुमारी, कुनूल भेंगरा, रोहित बेसरा, तलीन तिग्गा, अमृता मिंज, नेहा कुमारी और रीना कुल्लू का महत्वपूर्ण योगदान रहा।