पटना, 13 दिसंबर। हर बार की तरह इस बार भी बिहार क्रिकेट टीम की बीसीसीआई के इस वर्ष के घरेलू सत्र में हार के साथ शुरुआत हुई।
हैदराबाद के जिमखाना ग्राउंड में खेले गए महिला अंडर-19 वनडे ट्रॉफी एलीट मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए बिहार को 9 विकेट से पराजित कर एकतरफा जीत दर्ज की। अक्षरा गुप्ता की कप्तानी और कोच जीशान विन वासी के नेतृत्व में इस सत्र में खेल रही बिहार अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम की इस सत्र में यह पांचवीं हार है। ऐसे बिहार क्रिकेट टीम का हर फॉरमेट में लगभ एक जैसा हाल चल रहा है। जीत का दीदार हो जाए तो बड़ी बात है।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला छत्तीसगढ़ के लिए पूरी तरह सही साबित हुआ। सधी हुई और अनुशासित गेंदबाजी के सामने बिहार की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई और टीम 36.4 ओवर में महज 99 रन पर सिमट गई।
बिहार की पारी की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। सलामी बल्लेबाज प्रतिभा साहनी 9 रन बनाकर रनआउट हो गईं, जबकि कप्तान अक्षरा गुप्ता केवल 1 रन बनाकर पलक सिंह की गेंद पर आउट हुईं। इसके बाद नंदिनी यादव भी ज्यादा देर टिक नहीं सकीं और 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। शुरुआती झटकों से उबरने की कोशिश नंदनी पंडित और विकेटकीपर दीपां कुमारी ने की। दोनों के बीच 39 रनों की साझेदारी हुई, जो बिहार की पारी की सबसे बड़ी साझेदारी रही। दीपां कुमारी ने सर्वाधिक 33 रन बनाए, जिसमें 6 चौके शामिल थे, जबकि नंदनी पंडित ने 52 गेंदों में 9 रन जोड़े। निचले क्रम में कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सकी और पूरी टीम 99 रन पर ऑलआउट हो गई।
छत्तीसगढ़ की गेंदबाजी इस मैच का मुख्य आकर्षण रही। महक नरवासे ने शानदार लाइन और लेंथ के साथ गेंदबाजी करते हुए 7.4 ओवर में मात्र 9 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके। शांति बघेल, शिविका अग्रवाल, दीपिका भगत और पलक सिंह को एक-एक विकेट मिला। इसके अलावा क्षेत्ररक्षण भी सराहनीय रहा, जिससे बिहार पर लगातार दबाव बना रहा।
100 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी छत्तीसगढ़ की टीम ने शुरुआत से ही मैच पर नियंत्रण बना लिया।
विकेटकीपर बल्लेबाज चांद चेलक ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 54 गेंदों में 54 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 9 चौके और एक छक्का शामिल रहा। उन्होंने अर्चिता मिस्त्री के साथ पहले विकेट के लिए 73 रनों की मजबूत साझेदारी कर जीत की नींव रखी। चांद चेलक के आउट होने के बाद अर्चिता मिस्त्री ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 29 रन बनाए, जबकि यति शर्मा ने नाबाद 11 रन बनाकर टीम को 18.5 ओवर में जीत दिला दी।
इस जीत के साथ छत्तीसगढ़ को मुकाबले से 4 अंक मिले, जबकि बिहार को लगातार संघर्ष का सामना करना पड़ा और उसे कोई अंक नहीं मिला। छत्तीसगढ़ की यह जीत आत्मविश्वास बढ़ाने वाली रही।