सहरसा। शहर के एमएलटी कॉलेज मैदान पर गुरुवार को मजेस्टिक कंस्ट्रक्शन एंड डेवलपर्स प्रा. लि. के तत्वावधान में विष्णुदेव बाबू मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आगाज हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार, मजेस्टिक कंस्ट्रक्शन एंड डेवलपर्स प्रा. लि. के निदेशक सह आयोजन समिति के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह, कॉलेज के प्राचार्य डीएन साह ने गुब्बारा उड़ा कर और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।







इस मौके पर मुख्य अतिथि राकेश कुमार ने कहा कि यह बेहतर प्रयास है। उन्होंने कहा कि संजय कुमार सिंह युवाओं को इस मैच के जरिए बेहतर प्लेटफॉर्म तो दे ही रहें साथ ही वे अपने पिता के सपने और उनके द्वारा किये जा रहे कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि हार व जीत खेल का पार्ट है।

प्राचार्य डीएन साह ने कहा कि हमारे कॉलेज प्रशासन का सहयोग आप सबों को मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी काफी जरूर है। आज खेल के क्षेत्र में काफी कैरियर है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने कहा कि मैं अपने पिता की राह पर थोड़ा चलने का प्रयास कर रहा हूं। उन्होंने अपने पिता को याद करते हुए कहा कि उनका खेल से काफी लगाव था और वह युवाओं को यही कहते थे कि खेल के माध्यम से चरित्र का निर्माण होता है। हम सभी इस आयोजन के माध्यम से उन्हें याद कर रहे हैं।



आयोजन सचिव रौशन सिंह धौनी ने कहा कि बच्चों को खेल के प्रति जागरुक करने के लिए मैं हमेशा प्रयासरत रहता हूं। गैजेट की दुनिया को छोड़ कर बच्चों को खेल मैदान का रुख करना चाहिए। इसके लिए उनके माता-पिता को भी जागरुक होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से सहरसा में क्रिकेट का माहौल बदलेगा।
मीडिया प्रभारी त्रिदेव सिंह ने बताया कि आज खगड़िया और सहरसा के बीच मैच खेला जायेगा। उन्होंने कहा कि आयोजन समिति की ओर से आने वाले आगंतुक खिलाड़ियों को बेहतर खेल माहौल के साथ बेहतर सुविधा भी दी जायेगी।
उद्घाटन के मौके पर आयोजन समिति के उपाध्यक्ष अर्जुन चौधरी, पीटीआई चंद्रशेखर अधिकारी, सिद्धार्थ सिंह सिद्धू, जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव अमन कुमार सिंह, जिला एथलेटिक संघ के सचिव रणवीर प्रसाद सिंह, पंकज पांडेय, नंद कुमारसिंह, अखिलेश सिंह टुडू, राजीव कुमार झा, रजनीश कुमार, पदम् राणा, अमित सिंह, विश्वनाथ कुमार, अमरेश राय, आशीष सिंह सहित कई क्रिकेटप्रेमी मौजूद थे।