पटना, 28 अगस्त। राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 के अवसर पर राजधानी पटना खेल और फिटनेस से जुड़ी गतिविधियों का केंद्र बनने जा रहा है। 29 से 31 अगस्त तक तीन दिनों तक खेल महाकुंभ जैसा माहौल रहेगा। जिला खेल पदाधिकारी ओम प्रकाश ने जानकारी दी कि इस दौरान दौड़, योग, क्विज़, वाद-विवाद, कबड्डी, टग ऑफ वार, बास्केटबॉल, साइक्लिंग और पारंपरिक खेल पिट्टो जैसे आयोजन होंगे।
29 अगस्त: मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि और हॉकी का सीधा प्रसारण
29 अगस्त की सुबह 6:30 बजे खेल भवन में खेल दिवस की शपथ लेकर हॉकी जादूगर भारतरत्न मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद 5 किलोमीटर दौड़ प्रतियोगिता और महाविद्यालय स्तर पर भाषण एवं वाद-विवाद होंगे।
दोपहर 2 बजे से हीरो एशियन पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2025 के उद्घाटन समारोह और मैच का सीधा प्रसारण खेल भवन सह व्यामशाला, राजेंद्र नगर पटना से किया जाएगा।
30 अगस्त: आउटडोर और इंडोर खेलों का संगम
30 अगस्त को दोपहर 2 बजे से पाटलिपुत्र खेल परिसर में “डे ऑफ फिटनेस” कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें 50 मीटर रन, टग ऑफ वार, पिट्टो और योग की स्पर्धाएँ होंगी।
योग प्रतियोगिता ओपन कैटेगरी और सीनियर सिटीजन वर्ग के लिए खेल भवन में होगी।
कबड्डी, बास्केटबॉल और पारंपरिक खेल पिट्टो पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा सीनियर सिटीजन के लिए 1 किलोमीटर वॉक और 300 मीटर रेस वॉक प्रतियोगिता भी होगी।
शतरंज और म्यूजिकल चेयर जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएँ खेल भवन में आयोजित की जाएंगी।
31 अगस्त: “संडे ऑन साइकिल” रैली
31 अगस्त की सुबह 6 बजे “संडे ऑन साइकिल” कार्यक्रम आयोजित होगा, जो खेल भवन से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः वहीं समाप्त होगा।
एशियन हॉकी का लाइव प्रसारण और सेल्फी प्वाइंट
राजगीर में 29 अगस्त से 7 सितंबर तक आयोजित हीरो कप एशियन पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2025 का प्रतिदिन लाइव प्रसारण खेल भवन सह व्यामशाला, राजेंद्र नगर में एलईडी स्क्रीन और प्रोजेक्टर के माध्यम से होगा। साथ ही प्रतियोगिता से संबंधित एक आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया है।
खेल प्रेमियों से अपील
जिला खेल पदाधिकारी ओम प्रकाश ने कहा कि इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों में खेल और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।
