Thursday, February 26, 2026
Home Slider ये हैं लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज

ये हैं लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज

टॉप-4 में तीन खिलाड़ी बिहार के रहने वाले

by Khel Dhaba
0 comment

विजय हजारे ट्रॉफी 2025 में बिहार क्रिकेट टीम ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 50 ओवर में 574/6 का रिकॉर्ड स्कोर खड़ा किया। इस मुकाबले में बिहार के बल्लेबाजों ने आक्रामक क्रिकेट का बेहतरीन नमूना पेश किया। वैभव सूर्यवंशी और कप्तान सकीबुल गनी ने तूफानी शतक जमाए, जिसमें गनी का शतक खास रहा। उन्होंने लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बनकर इतिहास रच दिया। टॉप-4 में तीन बिहार के रहने वाले हैं जिसमें से वैभव सूर्यवंशी और सकीबुल गनी बिहार की ओर से घरेलू क्रिकेट में खेलते हैं जबकि ईशान किशन झारखंड की ओर से खेलते हैं।


सकीबुल गनी (32 गेंद)

बिहार ने जब 391 रन के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट गंवाया, तब कप्तान सकिबुल गनी बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर उतरे। उस समय टीम पहले से ही तेज रन गति से खेल रही थी, लेकिन गनी ने आते ही आक्रामक रुख अपनाया और गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। उन्होंने सिर्फ 32 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो लिस्ट-A क्रिकेट के इतिहास में किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा लगाया गया सबसे तेज शतक है। विश्व क्रिकेट में उनसे तेज लिस्ट-A शतक सिर्फ जेक फ्रेजर-मैकगर्क और एबी डिविलियर्स ही लगा सके हैं।


ईशान किशन (33 गेंद)

झारखंड के कप्तान ईशान किशन कर्नाटक के खिलाफ मुकाबले में नंबर-6 पर बल्लेबाजी करने उतरे और पहली ही गेंद से आक्रामक अंदाज दिखाया। उन्होंने अनुकूल रॉय के साथ मिलकर बेहद कम समय में तेजी से रन बटोरे और 32 गेंदों में 93 रन की साझेदारी निभाई। ईशान किशन ने केवल 33 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 39 गेंदों पर 125 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 14 छक्के शामिल थे। उनकी स्ट्राइक रेट 320 से अधिक रही, जो लिस्ट-A क्रिकेट में दुर्लभ मानी जाती है।


अनमोलप्रीत सिंह (35 गेंद)

पंजाब के बल्लेबाज अनमोलप्रीत सिंह ने विजय हजारे ट्रॉफी 2024-25 में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ तूफानी बल्लेबाजी करते हुए केवल 35गेंदों में शतक जड़ा था। उन्होंने नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में नाबाद 115 रन बनाए थे। उनकी इस पारी में चौकों और छक्कों की भरमार देखने को मिली। इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत पंजाब की टीम ने मुकाबला 9 विकेट से अपने नाम किया, जबकि अरुणाचल प्रदेश की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 164 रन पर ही सिमट गई थी।


वैभव सूर्यवंशी (36 गेंद)

बिहार के युवा बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अरुणाचल प्रदेश के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उन्होंने सिर्फ 36 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और मैच की शुरुआत से ही बिहार को मजबूत आधार प्रदान किया। सूर्यवंशी ने मंगल महरौर के साथ पहले विकेट के लिए 158 रन की बड़ी साझेदारी निभाई। वह 84 गेंदों में 16 चौकों और 15 छक्कों की मदद से 190 रन बनाकर आउट हुए। यह उनके लिस्ट-A क्रिकेट करियर का पहला शतक रहा।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Subscribe my Newsletter for new blog posts, tips & new photos. Let's stay updated!

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights