बेतिया, 14 दिसंबर। पश्चिम चंपारण जिला क्रिकेट संघ की कार्यकारिणी की बैठक रविवार यानी 14 दिसंबर को संघ कार्यालय में उपाध्यक्ष राहुल कुमार यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में पिछली बैठक की कार्यवाही पर संतुष्टि व्यक्त की गई। इसके साथ ही पश्चिम चंपारण जिला क्रिकेट सीनियर डिवीजन लीग को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में सर्वसम्मति से यह तय किया गया कि सीनियर डिवीजन जिला क्रिकेट लीग में कुल 20 टीमें भाग लेंगी। लीग मैचों का आयोजन 4 जनवरी 2026 से किया जाएगा। प्रतियोगिता के मुकाबले जिले के तीन मैदानों अभिमन्यु क्रिकेट क्लब, मोर्नक क्रिकेट क्लब और अरुण क्लब बगहा में खेले जाएंगे।
बैठक के प्रस्ताव संख्या तीन के तहत पश्चिम चंपारण जिला क्रिकेट संघ द्वारा चयन समिति का गठन किया गया, जिसमें अभिजीत बनर्जी, अनिल कुमार और चंद्रप्रकाश विद्यार्थी को सदस्य बनाया गया। इसके बाद अध्यक्षता कर रहे उपाध्यक्ष राहुल कुमार यादव की सहमति से प्रस्ताव संख्या चार पारित किया गया, जिसके अंतर्गत जिले में क्रिकेट ग्राउंड के विकास हेतु जिला पदाधिकारी को प्रस्ताव सौंपने के लिए संघ के सचिव राजकुमार को अधिकृत किया गया। अंत में उपाध्यक्ष राहुल कुमार यादव ने उपस्थित सभी सदस्यों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन किया और बैठक की समाप्ति की घोषणा की।