पटना। कोरोना वायरस से फैली वैश्विक महामारी के चेन को तोड़ने और उससे बचने के लिए देश भर में चल रहे लॉकडाउन में गरीबों, मजदूरों व डेली कमाने-खाने वालों के लिए रोजी रोटी का संकट आ गया है। इस संकट की घड़ी में जरुरतमंदों की मदद के लिए पटना के फुटबॉलर व पदाधिकारी भी आगे आये हैं।


गर्दनीबाग इलाके के भीखाचक आनंद पथ में रहने वाले पटना फुटबॉल संघ के कार्यकारिणी सदस्य रमेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में चल रहे इस सहायता कार्यक्रम के जरिए प्रतिदिन पटना जंक्शन, गर्दनीबाग स्लम एरिया, ऑर ब्लॉक, शास्त्रीनगर इलाकों में पुलिस कर्मियों की निगरानी में पक्का हुआ खाना बांटा जाता है। खाना बांटते वक्त सोशल डिस्टेंशिंग सहित लॉकडाउन के सभी नियमों का पूरा पालन किया जाता है।




इस सामाजिक कार्य में पटना फुटबॉल संघ के संयुक्त सचिव मनोज कुमार, सुनील दूबे, अंकित दूबे, राहुल कुमार, अतुल दूबे, अनिकेत, संतोष गुप्ता, उषा राय, मनीषा, उत्सव, तन्मय और संजय कुमार मदद करते हैं।
रमेश कुमार शर्मा ने कहा कि इस इलाके के रहने वाले फुटबॉलर, फुटबॉल प्रेमी और खिलाड़ियों के सहयोग से यह कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी जितनी क्षमता है उतना काम कर रहे हैं। वे कहते हैं कि अगर हमें इस लड़ाई में जीत हासिल करनी है तो हमें घर के अंदर रहना होगा।