नई दिल्ली, 30 दिसंबर। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) देश में खेल प्रशासन को अधिक खिलाड़ी-केंद्रित, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए 10 जनवरी को अहमदाबाद में पहले राष्ट्रीय खिलाड़ी मंच का आयोजन करेगा।
आईओए द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार यह मंच देशभर के मौजूदा और पूर्व खिलाड़ियों, खिलाड़ी प्रतिनिधियों और प्रमुख हितधारकों को एक साथ लाएगा, जिससे प्रत्यक्ष संवाद और समाधान-उन्मुख चर्चा को बढ़ावा मिल सके।
इन प्रमुख मुद्दों पर होगा फोकस
राष्ट्रीय खिलाड़ी मंच में खिलाड़ियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी, जिनमें शामिल हैं—
खिलाड़ियों के अधिकार और जिम्मेदारियां
नैतिक और पारदर्शी खेल संचालन
सुरक्षित खेल वातावरण और खेल की अखंडता
मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण
डोपिंग रोधी शिक्षा
शिकायत निवारण तंत्र
खेल के बाद कैरियर बदलाव की संरचित राह
आईओए ने स्पष्ट किया कि इन चर्चाओं का उद्देश्य खिलाड़ियों की प्रतिक्रिया को ठोस और कार्रवाई योग्य सुधारों में बदलना है।
खिलाड़ी आयोग की भूमिका होगी और मजबूत
विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस मंच से आईओए खिलाड़ी आयोग की भूमिका को मजबूती मिलेगी और भारतीय खेल व्यवस्था में खिलाड़ी-केंद्रित प्रशासन के विकास में महत्वपूर्ण योगदान होगा।
खिलाड़ियों को नीति निर्माण में मिलेगी निर्णायक भूमिका
आईओए ने कहा कि यह मंच केवल परामर्श तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह सुनिश्चित करेगा कि खिलाड़ी नीति निर्माण में सक्रिय और प्रभावशाली भूमिका निभाएं, जो उनके करियर, कल्याण और भविष्य को सीधे प्रभावित करती हैं।
पीटी उषा का बयान
आईओए अध्यक्ष पीटी उषा ने कहा कि भारतीय खेल इतिहास में पहली बार खिलाड़ियों को एक समर्पित राष्ट्रीय मंच के जरिए एक साथ लाया जा रहा है, जिससे वे सीधे खेल प्रशासन को प्रभावित कर सकें। यह पहल खिलाड़ी-नेतृत्व वाले सुधार, जवाबदेही और सामूहिक निर्णय-निर्माण की दिशा में निर्णायक कदम है।
उन्होंने आगे कहा कि खिलाड़ियों की गरिमा, सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित किए बिना निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन संभव नहीं है। यह मंच यह दर्शाता है कि खिलाड़ी कल्याण हमारी नीतियों के केंद्र में है।
मैरीकॉम ने जताई उम्मीद
आईओए खिलाड़ी आयोग की अध्यक्ष एमसी मैरीकॉम ने कहा कि खिलाड़ी व्यवस्था को भीतर से जानते हैं। यह मंच हमें चुनौतियों और समाधानों पर खुलकर बात करने का अवसर देता है और यह सुनिश्चित करता है कि खिलाड़ियों के अनुभव खेल प्रशासन और सुधारों में प्रतिबिंबित हों।
9 जनवरी को होगी आईओए की एजीएम
आईओए की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) भी 9 जनवरी को अहमदाबाद में आयोजित की जाएगी।