Monday, February 23, 2026
Home बिहारअन्य बेगूसराय में सांसद खेल महोत्सव का भव्य उद्घाटन

बेगूसराय में सांसद खेल महोत्सव का भव्य उद्घाटन

गांधी स्टेडियम का होगा विकास

by Khel Dhaba
0 comment

बेगूसराय, 25 दिसंबर। गांधी स्टेडियम में सांसद खेल महोत्सव का शानदार उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन और स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की तैलचित्र पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके बाद सांसद गिरिराज सिंह एवं अन्य पदाधिकारियों को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सांसद गिरिराज सिंह के साथ बेगूसराय के विधायक रजनीश कुमार, जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा एवं विभिन्न खेल संघों के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

सांसद गिरिराज सिंह ने सभी खिलाड़ियों, खेल प्रबंधकों और जिला वासियों को संबोधित करते हुए कहा कि बेगूसराय के खिलाड़ियों में पहले से ही क्षमता थी, लेकिन उन्हें सही अवसर नहीं मिलते थे। बिहार में एनडीए गठबंधन की सरकार के आने के बाद जिले के खिलाड़ियों और खेल को नया मुकाम मिला है। उन्होंने गांधी स्टेडियम और नगर निगम के विद्यालयों में मैदान के समतलीकरण और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था का आदेश दिया। इसके साथ ही जिले में एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनाने का आश्वासन भी दिया, जिसमें बरौनी के पास जगह उपलब्ध होने का जिक्र किया।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिले के बच्चों में ऊर्जा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें तराशकर नई ऊँचाई तक पहुँचाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण केंद्र खोला जाएगा और जमीन चिन्हित कर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से देश के 237 संसदीय क्षेत्रों के खिलाड़ियों को संबोधित किया। उन्होंने खेल को जीवन का अभिन्न अंग बताते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने खिलाड़ियों के लिए असीमित अवसर खोले हैं और आज देश में चयन कौशल एवं प्रतिभा के आधार पर होता है। उन्होंने 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत के प्रयासों और युवाओं को देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रोत्साहित किया।

उद्घाटन कार्यक्रम में ताइक्वांडो संघ के जिला सचिव श्री नंदू कुमार एवं कोच मणिकांत कुमार के नेतृत्व में ताइक्वांडो के विभिन्न आयाम जैसे पंच, ब्लॉक, किक, फाइट, एप्पल ब्रेकिंग, वुड ब्रेकिंग, फ्लाइंग साइड किक, नेशनल फ्लैग, सेल्फ डिफेंस, काता आदि का प्रदर्शन किया गया। सांसद ने हैंडबॉल, कबड्डी, खो-खो, योगा आदि खेलों के खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका हौसला बढ़ाया और भविष्य में जिले एवं प्रदेश का नाम रौशन करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर बेगूसराय जिला क्रिकेट संघ के सचिव मृत्युंजय कुमार वीरेश, शिक्षक विश्वजीत कुमार, चिरंजीवी ठाकुर, अरुणव पंकज, दीपक कुमार दीप, शशिकांत, शुभम, रितेश एवं उद्घोषक एवं मंच संचालक शिक्षक कन्हैया भारद्वाज और अरविंद कुमार उपस्थित थे।

सांसद खेल महोत्सव ने बेगूसराय में खेल को बढ़ावा देने और युवा प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का नया अवसर प्रदान किया है।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Subscribe my Newsletter for new blog posts, tips & new photos. Let's stay updated!

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights