मधुबनी, 3 जनवरी। बिहार क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित बिहार रूरल लीग का आगाज मधुबनी में होने जा रहा है। 6 से 8 जनवरी तक ललित कर्पूरी स्टेडियम, झंझारपुर में ट्रायल होंगे, जबकि मैच 26 जनवरी से प्रारंभ होंगे। यह टूर्नामेंट ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी छुपी प्रतिभा दिखाने का अनूठा अवसर प्रदान करता है।
बिहार रूरल लीग के संयोजक ज्ञानेश्वर गौतम और मीडिया प्रभारी रूपक कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मधुबनी जिले से कुल 16 टीमों का चयन नॉकआउट फॉर्मेट में होगा। जिला विजेता आगे अन्य जिलों के विजेताओं के साथ मुकाबला करेगा। पांच प्रमुख टीमों के बीच लीग मैचों के बाद सेमीफाइनल और फाइनल का आयोजन होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि जिन खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीकरण नहीं कराया है, वे भी चयन प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। साथ ही, राज्य का प्रतिनिधित्व न कर चुके खिलाड़ी भी इसमें शामिल हो सकते हैं।
मधुबनी जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष काली चरण ने कहा कि यह टूर्नामेंट ग्रामीण खिलाड़ियों के लिए विशेष अवसर है, जबकि सचिव नवीन कुमार ने इसे गरीब खिलाड़ियों के लिए भी शानदार मंच बताया। इस अवसर पर जिला चयनकर्ता अर्जुन सिंह ‘बिन्दे’, श्रवण कुमार झा, सुमन झा, बिनोद कुमार दत्ता और रवि राजन के साथ मीडिया के कई पत्रकार मौजूद थे।