Sunday, February 15, 2026
Home Slider टी20 विश्व कप : भारत ने पाकिस्तान को रौंदा

टी20 विश्व कप : भारत ने पाकिस्तान को रौंदा

भारतीय टीम 61 रन से जीती, सुपर-8 में पहुंची

by Khel Dhaba
0 comment

कोलंबो, 15 फरवरी। सलामी बल्लेबाज ईशान किशन (40 गेंद में 77 रन) के तूफानी अर्धशतक और भारतीय गेंदबाजों के सामूहिक बेहतर प्रदर्शन की बदौलत भारत ने रविवार को यहां आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप ए मैच में पाकिस्तान को 61 रन से पराजित किया।

टॉस पाकिस्तान ने जीता और भारत को बैटिंग करने का न्योता दिया। भारते ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रन पर ऑल आउट हो गई।

भारत की ओर हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 जबकि जबकि कुलदीप यादव और तिलक वर्मा ने 1-1 विकेट चटकाये। पाकिस्तान की ओर से सबसे ज्यादा 44 रन उस्मान खान ने बनाया।


भारत की ओर से ईशान ने स्पिन की अनुकूल पिच पर 40 गेंद में 10 चौकों और तीन छक्कों से 77 रन की पारी खेलने के अलावा तिलक वर्मा (25) के साथ दूसरे विकेट के लिए 87 रन जोड़कर भारत को ठोस आधार दिया। कप्तान सूर्यकुमार यादव (32) और शिवम दुबे (27) ने भी उपयोगी पारियां खेली।

दोनों टीम ने धीमी पिच पर अपने स्पिनरों पर भरोसा किया है। पाकिस्तान की टीम शाहीन शाह अफरीदी के रूप में एकमात्र तेज गेंदबाज के रूप में उतरी है जबकि भारत ने जसप्रीत बुमराह के अलावा तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे को एकादश में जगह दी है लेकिन अर्शदीप सिंह को बाहर करके कुलदीप यादव को मौका दिया।

पाकिस्तान ने 18 ओवर स्पिनरों कराए जिसमें सईम अयूब 25 रन पर तीन विकेट चटकाकर सबसे सफल गेंदबाज रहे। शाहीन ने दो ओवर में 31 रन लुटाए और उन्हें एक विकेट मिला।

पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा (10 रन पर एक विकेट) ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और पहले ओवर की अंतिम गेंद पर अभिषेक शर्मा को खाता खोले बिना शाहीन शाह अफरीदी के हाथों कैच करा दिया।

ईशान के अलावा भारत के अन्य बल्लेबाजों को बड़े शॉट खेलने के लिए संघर्ष करना पड़ा लेकिन इस सलामी बल्लेबाज ने एक बार फिर आक्रामक तेवर दिखाए। उन्होंने शाहीन की शुरुआती दो गेंद पर छक्का और चौका मारा और फिर सलमान की गेंद को भी बाउंड्री के दर्शन कराए।

तिलक ने भी शाहीन पर चौका जड़ने के बाद लेग स्पिनर अबरार अहमद का स्वागत छक्के के साथ किया।

तिलक और ईशान ने सईम पर चौकों के साथ पावर प्ले में भारत का स्कोर एक विकेट पर 52 रन तक पहुंचाया।

ईशान ने अबरार पर लगातार तीन चौकों के साथ 27 गेंद में लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने अगले ओवर में लेग स्पिनर शादाब खान की लगातार गेंदों पर छक्के और चौके से 17 रन बटोरे।

ईशान हालांकि इसके बाद सईम की गेंद को पीछे हटकर खेलने की कोशिश में चूककर बोल्ड हो गए।

तिलक ने मोहम्मद नवाज पर छक्के के साथ 12वें ओवर में भारत के रनों का शतक पूरा किया।

पाकिस्तान को इस मुकाबले में हाथ बीच में रोककर गेंदबाजी करने वाले स्पिनर उस्मान तारिक (24 रन पर एक विकेट) से काफी उम्मीदें थी। हालांकि भारतीय बल्लेबाजों को अधिक परेशानी नहीं हुई लेकिन उनके खिलाफ अधिक रन भी नहीं बने।

सईम ने तिलक को पगबाधा करके भारत को तीसरा झटका दिया। उन्होंने 24 गेंद का सामना करते हुए दो चौके और एक छक्का मारा।

सूर्यकुमार ने अबरार पर चौके के साथ बाउंड्री के सूखे को खत्म किया जबकि शिवम दुबे ने इसी ओवर में छक्का जड़ा।

तारिक ने सूर्यकुमार को सईम के हाथों कैच कराया। उन्होंने 29 गेंद की अपनी पारी में तीन चौके मारे।

रिंकू सिंह (चार गेंद में नाबाद 11) ने पारी के अंतिम ओवर में शाहीन की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ भारत का स्कोर 170 रन के पार पहुंचाया लेकिन दुबे अगली गेंद पर रन आउट हो गए।

इन्हें भी पढ़ें
टी20 विश्व कप : बड़ी जीत की तलाश में अफगानिस्तान
टी20 विश्व कप : श्रीलंका के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के लिए करो या मरो की स्थिति
वेस्टइंडीज मेंस टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 में
टी20 विश्व कप : इंग्लैंड की नजर सुपर-8 पर

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Subscribe my Newsletter for new blog posts, tips & new photos. Let's stay updated!

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights