Friday, February 27, 2026
Home बिहारक्रिकेट कैमूर जूनियर क्रिकेट लीग में स्टार क्रिकेट क्लब जीता, अभिनव चमके

कैमूर जूनियर क्रिकेट लीग में स्टार क्रिकेट क्लब जीता, अभिनव चमके

रॉयल क्रिकेट क्लब को 9 विकेट से दी करारी शिकस्त, उत्कर्ष सिंह की घातक गेंदबाजी

by Khel Dhaba
0 comment

मोहनियां, 4 जनवरी। कैमूर जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित एवं द मॉडर्न स्कूल द्वारा प्रायोजित क्रिकेटर नितिश पटेल स्मृति जूनियर क्रिकेट लीग में स्टार क्रिकेट क्लब का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। लीग के अंतर्गत महाराणा प्रताप कॉलेज स्टेडियम, मोहनियां में खेले गए 25वें मुकाबले में स्टार क्रिकेट क्लब ने एकतरफा अंदाज में खेलते हुए रॉयल क्रिकेट क्लब को 9 विकेट से पराजित कर प्रतियोगिता में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

रॉयल क्रिकेट क्लब की पारी लड़खड़ाई

सुबह खेले गए इस मुकाबले में रॉयल क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, लेकिन यह फैसला टीम के पक्ष में नहीं जा सका। स्टार क्रिकेट क्लब के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही कसी हुई गेंदबाजी करते हुए रॉयल के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का कोई मौका नहीं दिया।

रॉयल क्रिकेट क्लब की पूरी टीम 17.4 ओवर में मात्र 82 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। टीम की ओर से विशाल ने सर्वाधिक 17 रन बनाए, जबकि आर्यन रघुवंशी ने 14 रन और कप्तान भोलू पांडेय ने 11 रन का योगदान दिया। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंच सका।

उत्कर्ष सिंह ने झटके 5 विकेट

स्टार क्रिकेट क्लब की जीत की नींव उसकी शानदार गेंदबाजी रही। उत्कर्ष सिंह ने घातक स्पेल डालते हुए महज 15 रन देकर 5 विकेट हासिल किए और रॉयल की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उनका भरपूर साथ अभिनव सोनी ने निभाया, जिन्होंने किफायती गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 8 रन खर्च कर 3 विकेट अपने नाम किए। इसके अतिरिक्त तेजस मिश्रा को 2 विकेट मिले, जबकि दानिश अंसारी ने 1 विकेट चटकाया।

स्टार क्रिकेट क्लब ने आसानी से हासिल किया लक्ष्य

82 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्टार क्रिकेट क्लब की टीम ने बेहद संयम और आक्रामकता का संतुलन दिखाया। टीम ने मात्र एक विकेट के नुकसान पर 8 ओवर में ही 83 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

सलामी बल्लेबाज लाली आर्यन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 18 गेंदों में नाबाद 37 रन बनाए। वहीं मोहित यादव ने भी 18 गेंदों में नाबाद 30 रन की तेज पारी खेली। दिपांशु सिंह ने रन आउट होने से पहले 10 रन का योगदान दिया।

अभिनव सोनी को मिला प्लेयर ऑफ द मैच का सम्मान

शानदार और निर्णायक गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए अभिनव सोनी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह ट्रॉफी पूर्व खिलाड़ी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उदय सिंह द्वारा प्रदान की गई। सम्मान समारोह के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

मैच अधिकारी एवं मौजूद गणमान्य

मैच में अंपायरिंग की जिम्मेदारी रविशंकर वर्मा और शेषनाथ मौर्या ने निभाई, जबकि स्कोरिंग का कार्य तौफीक सिद्दीकी द्वारा किया गया।
मैच के दौरान कैमूर जिला क्रिकेट संघ के पूर्व उपाध्यक्ष संजय सिंह प्रेमी, क्लब प्रतिनिधि विशेष श्रीवास्तव, जिला सीनियर टीम के चयनकर्ता अरुण चौबे ‘गुड्डू’, सहित कई पूर्व खिलाड़ी, खेल प्रेमी और दर्शक मौजूद रहे।

सोमवार के मुकाबले

लीग के अंतर्गत सोमवार को दो अहम मुकाबले खेले जाएंगे। जगजीवन स्टेडियम, भभुआ में: विजन क्रिकेट क्लब बनाम कुदरा क्रिकेट क्लब। एमपी कॉलेज स्टेडियम, मोहनियां में: विजन यूथ क्रिकेट क्लब बनाम आरबीएस क्रिकेट क्लब

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Subscribe my Newsletter for new blog posts, tips & new photos. Let's stay updated!

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights