पटना। आगामी 19 सितंबर को बक्सर के एमपी हाईस्कूल ग्राउंड पर बिहार राज्य जूनियर खो-खो बालक व बालिका टीम का चयन किया जायेगा। यह जानकारी खो-खो एसोसिएशन ऑफ बिहार के महासचिव नीरज कुमार पप्पू ने दी।
उन्होंने बताया कि इसमें चयनित खिलाड़ी 40 वीं जूनियर नेशनल खो-खो चैंपियनशिप में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे। जूनियर नेशनल खो-खो चैंपियनशिप आगामी 22 से 26 सितंबर तक भुवनेश्वर के आईआईटी यूनिवर्सिटी में आयोजित की जायेगी।
उन्होंने कहा कि जूनियर नेशनल खो-खो चैंपियनशिप में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन खेलों इंडिया एवं खो-खो अनलिमिटेड लीग के लिए होना है। इसलिए यह प्रतियोगता सभी खो-खो खिलाड़ी के लिए बहुत ही खास है।
उन्होंने बताया कि 27 सितंबर 2021 को 18 साल से कम आयु वर्ग खिलाड़ी अपने-अपने जिला खो-खो संघ से अभिप्रमाणित फॉर्म के साथ इस चयन ट्रायल में भाग ले सकते हैं। खिलाड़ियों को अपने साथ आधार कार्ड एवं जन्म प्रमाण पत्र, मैट्रिक, इंटर का एडमिट कार्ड एवं अंक पत्र की मूल प्रति एवं छाया प्रति साथ लेकर आना है।
साथ ही 48 घंटे पूर्व की कॉविड -19 की जांच रिपोर्ट भी लेकर आना अनिवार्य है। चयन ट्रायल प्रतियोगिता स्थल पर अरविंद सिंह और रोहित बहेरा से संपर्क करेंगे। रिपोर्टिंग टाइम सुबह 10 बजे तक निर्धारित की गई है।