पटना, 14 जनवरी। रणजी ट्रॉफी में मुंबई से मैच हारने के बाद छत्तीसगढ़ के खिलाफ चल रहे दूसरे मुकाबले में बिहार की टीम ने दूसरी पारी में अच्छी शुरुआत की पर मेहमान टीम की पहली पारी के आधार पर अभी भी 77 रन पीछे है। बिहार ने अपनी दूसरी पारी में 3 विकेट पर 144 रन बनाये है। इसके पहले छत्तीसगढ़ की टीम ने दो विकेट पर 329 बना कर घोषित की। बिहार ने अपनी पहली पारी में 108 रन बनाये थे।
खेल के दूसरे दिन पहले रिषभ तिवारी ने अपना शतक पूरा किया उसके बाद आशुतोष सिंह ने। रिषभ तिवारी 137 गेंद में 17 चौका व 1 छक्का की मदद से 138 रन बनाये। आशुतोष सिंह ने 214 गेंद में 18 चौकों की मदद से नाबाद 134 रन बनाये। शशांक सिंह ने नाबाद 25 रन बनाये। बिहार की ओर से दूसरा विकेट आशुतोष अमन ने चटकाया।
बिहार की दूसरी पारी की शुरुआत खराब रही। वैभव सूर्यवंशी बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। इसके बाद सरमन निग्रोध (60) और बाबुल कुमार (52) ने सम्मानजनक स्थिति में टीम को ला खड़ा किया। इन दोनों के आउट होते ही टीम फिर मुश्किल में है।
हालांकि इनकी जगह बल्लेबाजी के लिए उतरे आकाश राज और सकीबुल गनी तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक विकेट को थामते हुए रन बनाते हुए दिखे। दोनों क्रमश: 11 और 20 रन बनाकर खेल रहे थे, जब तीसरे दिन का खेल बंद कराया गया। इसके पहले सरमन ने 11 चौके व एक छक्के और बाबुल ने 10 चौकों के साथ भीषण ठंड के बीच खेल की गरमी बनाए रखी। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक बिहार ने तीन विकेट खोकर 144 रन बना लिए हैं। पारी की हार टालने के लिए अभी भी बिहार को 77 रन की जरुरत है।

